DNN नाहन
प्रदेश में होने वाले नगर निकाय के चुनाव के लिए सरगर्मिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।
भाजपा द्वारा शनिवार को नाहन नगर परिषद के 13 वार्डों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया गया। अहम बात यह भी है कि भाजपा ने इस बार 4 चेहरों को दोबारा से रिपीट किया है। जबकि अन्य 9 वार्डों में नए उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे गए है। शनिवार को उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए भाजपा मंडल नाहन के अध्यक्ष ने पिछले 3 सालों में किए गए विकास के नाम पर जनता से वोट देने की अपील की है।
मीडिया से बात करते हुए भाजपा मंडल नाहन के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने कहा कि भाजपा मंडल ने आज नाहन नगर परिषद के चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि नाहन में जो चहुमुखी विकास हुआ है, लोग उसे देखते हुए भाजपा के उम्मीदवारों को अपना कीमती वोट देंगे। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 3 साल में भाजपा सरकार के कार्यकाल में नाहन की जितनी भी समस्याएं थी, उनका हल किया जा रहा है। साथ ही जो शेष बची है, उन्हें भी पूरा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नाहन नगर परिषद पर वर्तमान में भाजपा का कब्जा रहा है और इस बार भी सत्तारूढ़ पार्टी नगर परिषद पर एक बार फिर जीत का दावा कर रही है, लेकिन यह चुनावी नतीजे ही बताएंगे कि जीत का ऊंट किस करवट बैठेगा।















