DNN सोलन ब्यूरो
14 अगस्त। कालका शिमला नेशनल हाईवे पांच पर नंदे का थड़ा के समीप अचानक भारी मात्रा में पहाड़ी से मलबा आ गया। भू-स्खलन के कारण हाई-वे पूरी तरह से बंद हो गया है। नेशनल हाई-वे पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। बताया जा रहा है कि बारिश के बाद धीरे-धीरे मलबा गिरना शुरू हो गया था और करीब छह बजे अधिक मलबा आने से हाई-वे पर दोनों लेन बन्द हो गई। इसके बाद की सूचना पुलिस थाना धर्मपुर और फोरलेन निर्माता कंपनी को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस व फोरलेन निर्माता कंपनी के अधिकारी मशीनें लेकर मौके पर पहुंच गए और मलवा हटाने का कार्य शुरू किया, लेकिन फोरलेन कंपनी जैसे ही मलवा हटाते वैसे ही ओर मलबा पहाड़ी से गिरने लग जाता था। खबर के लिखे जाने तक फोरलेन निर्माता कंपनी द्वारा मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा था और हाई-वे सुचारू नहीं हो पाया था।
बता दे कि नंदे का थड़ा गांव के समीप पहले भी कई बार भारी मात्रा में भूस्खलन हो चुका है। इससे मार्ग भी कई बार बाधित हो चुका है, लेकिन फोरलेन कंपनी द्वारा कोई भी यहां पर ऐतिहासिक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोग पहले भी यहां पर ऐतिहासिक कदम उठाने की मांग कर चुके हैं। इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है और बरसात में यहां पर मलबा गिरना शुरू हो जाता है। फोरलेन निर्माता कंपनी द्वारा यहां पर क्रेटवायर के डंगे लगाए गए थे, जोकि पिछली बरसात में इसी तरह मलबा आने के कारण टूट गए है।
गौरतलब हो कि कालका-शिमला नेशलन हाई-वे पांच पर परवाणू से सोलन (चंबाघाट) तक फोरलेन निर्माण कार्य चला हुआ है और पहाड़ों को काटा गया है। तरन्तु अब यह पहाड़ दरकने शुरू हो गए है। पिछली बरसातों में भी इसी तरह के मामले देखने को मिले है, लेकिन फोरलेन निर्माता कंपनी द्वारा अभिनतक कोई सबक नहीं लिया गया है।
हर बरसात में लोग होते है परेशान
कालका शिमला नेशनल हाईवे पांच पर कभी कुमारहट्टी तो कभी सनवारा, चक्की मोड़ व अन्य जगहों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछली बरसात की बात करें तो कुमारहट्टी चौक पर बने दलदल के कारण लोग काफी परेशान हुई थे। लोगों को इस दौरान कई घण्टों तक अपने लोग जाम में फसें थे। उधर, हाई-वे पर कई जगह पर पहाड़ियों से आए पत्थर व मलबे के चलते परवाणू से धर्मपुर तक कई जगहों पर एक लेन को एतिहातन बंद भी किया गया है।
मलबा आने के बाद डायवर्ट करना पड़ा ट्रैफिक
नन्दे का थोड़ा गांव के समीप भारी मात्रा में भूस्खलन होने के बाद ट्रैफिक को लिंक रोड से डायवर्ट करना पड़ा है। इसके चलते लोग काफी परेशान हुए हैं।
कई बार किया जा चुका है भूमि का सर्वे
नंदे का थड़ा गांव के समीप कई बार जियोलॉजिकल सर्वे टीम द्वारा किया जा चुका है। पहले भी यहां पर बरसात में पहाड़ी से अचानक मिट्टी खिसकना शुरू हो जाती थी, जिसके बाद यहां पर फोरलेन निर्माता कंपनी व एनएचएआई के द्वारा जियोलॉजिकल सर्वे करवाया जा चुका है। इसकी रिपोर्ट फोरलेन निर्माता कंपनी के पास पहुंची हुई है।
क्या कहना है फोरलेन निर्माता कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर का
फोरलेन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर बलविंदर सिंह का कहना है कि पहाड़ी का स्टेटस ठीक न होने के कारण यहां पर यह पहाड़ बार-बार दरक रहा है। शुक्रवार को जैसे ही बारिश के बाद यहपहाड़ी दरकने की सूचना मिली तो तुरन्त कंपनी के लोग मौके पर पहुंच गए और मार्ग को सुचारू करने के लिए चार हैवी मशीनें लगाई गई। जल्द ही हाई-वे सुचारू हो जाएगा।
क्या कहना है थाना प्रभारी धर्मपुर का
धर्मपुर थाना प्रभारी दयाराम ठाकुर ने बताया कि बारिश के चलते हाई-वे पर भारी मात्रा में मलवा आ गया था। इसकी सूचना मिलने के बाद धर्मपुर पुलिस की पूरी टीम मौके पर पहुंची। मौके पर फोरलेन निर्माता कंपनी की मशीनें मलवा हटाने लगी है। लगभग एक घंटा बाद सड़क सुचारू की जाएगी।
















