धार्मिक स्थानों का भ्रमण करने के लिए 11 फरवरी तक करें आवेदन

Himachal News Kangra Others
DNN धर्मशाला
जिला भाषा अधिकारी सुरेश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के आशय से देव भूमि दर्शन योजना आरंभ की गई है। इसके लिए भाषा एवं संस्कृति विभाग कार्यालय धर्मशाला द्वारा 22 फरवरी 2019 को यात्रा आरंभ करने की तिथि निर्धारित की गई है। जिसके लिए 11 फरवरी 2019 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित पपत्र जिला भाषा अधिकारी कार्यालय धर्मशाला से प्राप्त कर सकते हैं।
  राणा ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और उत्तम परिवहन सुविधा के साथ राज्य के विभिन्न धार्मिक स्थानों का भ्रमण करवाना है, जो वित्तीय बाधाओं के चलते ऐसी यात्रा करने में असमर्थ हैं। सरकार द्वारा 70 वर्ष के वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा खर्च में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जबकि 80 वर्ष या इससे ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा निशुल्क करवाई जाएगी। 80 वर्ष या इससे ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों के साथ एक परिवारिक सदस्य अथवा पंजीकृत परिचारक को यात्रा खर्च में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा लगभग 5 दिन की होगी।
पात्रता
राणा ने बताया कि हितधारक की वार्षिक आय एक लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए जिसके लिए उन्हें आय प्रमाण पत्र भी आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना होगा। साथ ही आवेदक को चिकित्सा प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, शपथ-पत्र, आयु प्रमाण पत्र, हिमाचल प्रदेश का मूल निवासी होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदक को यात्रा से पूर्व शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। यात्रा के अंतर्गत यात्रियों को संकट मोचन मंदिर शिमला, तारा देवी मंदिर शिमला, हाटू मंदिर नारकंडा, मां भीमा काली मंदिर सराहन, जाखू मंदिर शिमला, बाबा नाहर सिंह जी मंदिर बिलासपुर आदि मंदिरों के दर्शन करवाए जाएंगे।

News Archives

Latest News