DNN धर्मशाला
एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रामोत्रा ने कहा कि समर्थ-2018 ‘आपदा जोखिम में कमी पर राज्यस्तरीय जनजागरूकता और क्षमता निर्माण’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए 12 अक्तूबर को धर्मशाला में ‘मैराथन’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से मैराथन में बड़ी संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है। उन्होंने मैराथन में भाग लेने के लिए सभी इच्छुक प्रतिभागियों से एसडीएम कार्यालय धर्मशाला तथा जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग कार्यालय धर्मशाला में अपना नाम दर्ज करवाने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि मैराथन में राजकीय(छात्र)वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला, राजकीय(कन्या) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला, डीएवी स्कूल, डाईट, दयानंद मॉडल स्कूल, डीपीएस, दाड़ी सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चे भी भाग लेगें। उन्होंने सभी से 12 अक्तूबर को प्रातः 7 बजे धर्मशाला खेल परिसर इंडोर स्टेडियम पहुंचने का आग्रह किया।
रामोत्रा ने कहा कि मैराथन धर्मशाला इंडोर स्टेडियम परिसर से 12 अक्तूबर को प्रातः 7 बजे आरंभ होगी। इसमें दो श्रेणियों में 5 किलोमीटर और 11 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। 5 किलोमीटर दौड़ इंडोर स्टेडियम परिसर से आरंभ होकर शहीद स्मारक-सर्किट, हाउस-कैंची मोड़ से वापिस इसी रूट से होते हुए खेल परिसर में सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि 11 किलोमीटर दौड़ इंडोर स्टेडियम के समीप से आरंभ होकर शहीद स्मारक-सिविल लाइन्स-कोतवाली बाजार-फव्वारा चौक-खनियारा रोड़-कंडी-दाड़ी से आईटीआई रोड़ होते हुए खेल परिसर में सम्पन्न होगी। उन्होंने कहा कि मैराथन में विजेता रहने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।















