धमकी देकर अवैध वसूली करने के मामले में सिरमौर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

Crime Himachal News Sirmaur

-30 हजार रुपए नकद और शराब की दो महंगी बोतलें बरामद, सोशल मीडिया पर बदनाम करने व नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर की थी वसूली

Dnewsnetwork

नाहन। शिकायत वापस लेने के दबाव में सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने के मामले में सिरमौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता से कथित तौर पर वसूले गए 30,000 रुपए नकद और शराब की दो महंगी बोतलें भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस थाना सदर नाहन में 18 नवंबर 2026 को इस मामले में अभियोग संख्या 227/2026, धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता नाहन में एक शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। कुछ समय पहले शराब के रेट को लेकर उसकी एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उक्त व्यक्ति ने शिकायतकर्ता के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में उक्त व्यक्ति शिकायत वापस लेने के बदले उससे पैसे और शराब की मांग करने लगा। साथ ही, उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर दबाव बनाया गया। आरोप है कि धमकियों के चलते शिकायतकर्ता ने 30,000 रुपए नकद और शराब की दो महंगी बोतलें उक्त व्यक्ति को दे दीं। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस थाना सदर नाहन पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई।


शिकायत मिलने के बाद सिरमौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम सहोत्रा (31), पुत्र विक्रम सहोत्रा, निवासी चिड़ावाली, नाहन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 30,000 रुपए नकद और शराब की दोनों बोतलें बरामद कर ली हैं। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
मामले का अन्वेषण पुलिस थाना सदर नाहन द्वारा किया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
धमकी या अवैध वसूली होने पर पुलिस को दें सूचना
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति शिकायत वापस लेने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने, नौकरी से निकलवाने या किसी अन्य प्रकार की धमकी देकर पैसे अथवा कीमती वस्तुओं की मांग करता है, तो डरकर उसे कोई धनराशि न दें। ऐसे मामलों की तत्काल पुलिस को सूचना दें और फोन कॉल, संदेश, चैट सहित सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अवैध दबाव और वसूली के प्रयासों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Latest News