DNN सोलन ब्यूरो
18 अक्तूबर। त्योहारी सीजन के शुरू होते ही प्रशासन ने शहर से अतिक्रमण को हटाने की मुहिम छेड़ दी है। रविवार को कार्यकारी अधिकारी की मौजूदगी में नगर परिषद की टीम ने शहर से अतिक्रमण हटाया है। अतिक्रमण हटाने के लिए टीम पुलिस दलबल के साथ शहर की मार्किट में पहुंची। टीम ने अतिक्रमण हटाने का कार्य मालरोड से शुरू किया और पुराने बस स्टेण्ड सहित शहर के मुख्य बाजार, गंज बाजार, लोअर बाजार से दुकानों के बाहर लगे सामान को हटाया है। इसके पश्चात टीम द्वारा सोलन बायपास का रुख किया और वहां पर भी अतिक्रमण कर बैठे लोगों को हटाया। 
इसी के साथ बाजार में लगी रेहड़ियां व दुकानों द्वारा लगाई गई तिरपालों को भी हटाया गया है। इस दौरान नगर परिषद द्वारा दुकानों के चालान भी किए गए है। जैसे ही नगर परिषद की टीम ने सामान को जब्त करना शुरू किया तो कई लोगों द्वारा इसका विरोध भी किया और कई जगहों पर टीम के साथ हल्की नोंक-झोंक भी हुई।
बता दें कि त्योहारों के शुरू होते ही बाजार में दुकाने बाहर तक सजनी शुरू हो जाती है। इसको लेकर लोगों को काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बार प्रशासन को कोरोना वायरस भी बड़ी चुनौती बना हुआ है । बाजार में सोशल डिस्टेंसिग नियमों का सही प्रकार से पालन हो सके। इसको लेकर भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
क्या कहना है कार्यकारी अधिकारी नप सोलन का
नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। रविवार को भी नगर परिषद की टीम द्वारा अतिक्रमण हटाया गया है और कई जगहों प चालान भी किए गए है।















