डीसी ने निर्माणधीन नेशनल करियर सर्विस सेंटर का किया निरीक्षण

Others Una
DNN ऊना
30 जून। उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने चंद्रलोक कॉलोनी में दिव्यांगों के लिए बनाए जा रहे नेशनल करियर सर्विस सेंटर के भवन का निरीक्षण किया। ऊना शहर की चंद्रलोक कॉलोनी में 3.8 एकड़ भूमि पर बनाए जा रहे इस भवन पर 48.94 करोड़ रूपये की लागत आएगी। राघव शर्मा ने कहा कि अब तक भवन का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि भवन में बिजली का कार्य भी 70 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है, जबकि इसे अंतिम रूप देने का कार्य प्रगति पर है।
राघव शर्मा ने कहा कि अब तक भवन निर्माण पर लगभग 19 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में हिमाचल प्रदेश में 15-50 वर्ष के दिव्यांगजनों के जीवन स्तर की गुणवत्ता को बढ़ाकर समाज की मुख्य धारा में लाने हेतु उन्हें प्रशिक्षण एवं पुनर्वास की सेवाएं प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश में दिव्यांगों के लिए एकमात्र नेशनल करियर सर्विस सेंटर है, जिसमें पूर्णतया बाधा रहित रैम्प एवं दो लिफ्ट निर्मित होंगी। इस सेंटर में 40 पुरुष एवं 20 महिला प्रशिक्षुओं के लिए छात्रावास की व्यवस्था होगी। इसके अलावा पांच मूल्याकंन कार्यशालाएं, आठ कौशल विकास कार्यशालाएं, लगभग 100 लोगों के बैठने के लिए पूर्णतया वातानुकूलित सेमिनार हाल, सौर ऊर्जा से संचालित परिसर, पूर्णतया वातानुकूलित पुस्तकालय व अत्याधुनिक कम्प्यूटर लैब तथा दिव्यांगों के लिए ब्रेल एवं संकेत लिपि द्वारा मार्गदर्शित परिसर का निर्माण किया जा रहा है।
इस अवसर पर केंद्र प्रमुख डॉ बीके पांडे भी उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News