DNN सोलन/जाबली ब्यूरो (आदित्य सोफत/जयदेव अत्रि)
20 सितंबर। हिमाचल प्रदेश की सीमाएं खुलने व बिना पास के एंट्री के बाद पर्यटकों ने प्रदेश का रुख करना शुरू कर दिया है। इस बात का अंदाजा यही से लगाया जा सकता है कि कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच लॉकडाउन से पहली वाली स्थिति में लौट रहा है। हाई-वे पर शनिवार और रविवार को इतने वाहन उतर गए कि जाम की स्थिति बनी रही। अधिकतर जाम की स्थिति सनवारा में बनी रही जहां पर वाहन दिनभर रेंगते रहे। प्रदेश में शनिवार व रविवार पर्यटन क्षेत्र भी पर्यटकों से गुलजार रहे। जिला सोलन के पर्यटन क्षेत्रों में दिनभर पर्यटकों की भीड़ रही। जिला के पर्यटन क्षेत्र कसौली में लगभग छह महीने बाद पर्यटकों से भरी हुई दिखाई दी है। हिमाचल की सीमाएं खुलने के बाद पहले रविवार को ही पर्यटकों की अधिक भीड़ दिखाई दी। पर्यटन क्षेत्र में भी हर एक गतिविधियां शुरू हो गई है।
गौरतलब हो कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को लेकर लगाए गए लॉकडाउन को लेकर पर्यटकों व अन्य सभी के लिए हिमाचल प्रदेश की सीमाएं बन्द की गई थी। इसको लेकर होटल व अन्य कई कारोबार पूरी तरह से बन्द हो गए थे। इसके पश्चात अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हुई और हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों को आने के लिए पहले पास व ई-पास के जरिए रजिस्ट्रेशन व कोविड रिपोर्ट लेकर आना पड़ता था, लेकिन बीते दिनों हुई कैबिनेट की बैठक में हिमाचल प्रदेश की सीमाएं खोलने का निर्णय हुआ और बाहरी राज्यों के लोगों का हिमाचल में प्रवेश शुरू हो गया। शनिवार को सड़कों पर थोड़ा कम रश दिखाई दिया लेकिन रविवार को अधिक पर्यटकों ने हिमाचल के रुख किया। इसके चलते पर्यटन क्षेत्रों में भी काफी भीड़ रही।
रविवार को कसौली पहुंचे चार सौ वाहन
पर्यटन क्षेत्र कसौली में छावनी परिषद द्वारा लगाए गए चैक पोस्ट के प्रभारी हरविंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जिस दिन से प्रदेश की सीमाओं को खोला है तब से स्थिति लॉकडाउन से पहले जैसी होने लगी है। लोग पर्यटन क्षेत्रो का रुख कर रहे है। पिछले चार दिनों में कसौली में एक हज़ार के लगभग वाहनों ने प्रवेश किया जबकि रविवार को लगभग चार सौ वाहन कसौली पहुंचे है। धीरे-धीरे कर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। उधर, रविवार को देर शाम तक हाई-वे पर भीड़ रही।
खूब उड़ी एसओपी की धज्जियां
हिमाचल प्रदेश सीमाएं खुलने से जहां पर्यटन क्षेत्रों में कोविड-19 के नियमों की धज्जियां उड़ी वहीं अधिकतर लोग बिना मास्क के ही नजर आए। बता दें कि केंद्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क लगाना अनिवार्य किया हुआ है, लेकिन पर्यटन क्षेत्र कसौली में इसकी सरेआम धज्जियां उड़ाई गई। लोगों ने न तो सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा और न ही अधिकतर लोगों द्वारा मास्क का प्रयोग किया हुआ था।
होटल व अन्य कारोबारी खुश
सीमाएं खुलने के बाद रविवार को पर्यटन क्षेत्रों में भीड़ रही। वहीं होटल व अन्य कारोबारियों के चहरे भी खिल उठे है। उन्हें अब उम्मीद जगी है कि उनका कारोबार फिर से पटरी पर लौट आएगा। सीमाएं खोलने के लिए कारोबारियों से सरकार का आभार भी जताया है।
होटल आरमेडन के मालिक राज कुमार सिंगला ने भी कसौली मे कारोबार को खोलने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार प्रकट करते हुए कहा कि छावनी क्षेत्र के कारोबारी कारोबार खुलने से खुश है। धीरे धीरे सब कुछ सामान्य हो जाएगा।















