DNN पांवटा साहिब
15 अप्रैल। हिमाचल-उत्तराखंड की सीमा पर खोदरी माजरी के समीप टौंस नदी में नहाने उतरे तीन किशोरों में से दो की मौत हो गई है। जबकि, एक को गोताखोरों ने रेस्क्यू कर लिया। मृतकों की उम्र 16-17 साल बताई जा रही है। उधर, पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक खोदरी माजरी में विकासनगर के तीन किशोर नदी में नहाने उतरे थे। नहाने के दौरान तीनों नदी में डूब गए। चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। साथ ही पुलिस व प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई। मृतकों की पहचान हार्दिक व अरुण निवासी विकासनगर के तौर पर हुई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। डीएसपी वीर बहादुर ने हादसे में दो बच्चों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीसरे युवक को रेस्क्यू कर लिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।















