झीड़ी से कुल्लू सड़क का सुधारीकरण 8 करोड़ से होगा-सुरेंद्र शौरी

Himachal News Kullu Others

DNN कुल्लू

24 अप्रैल। झीडी से कुल्लू सड़क का विस्तारीकरण किया जाएगा ताकि बढ़ती वाहनों की आवाज आई को सुचारू बनाया जा सके। यह बात बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने हॉट पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि कुल्लू शहर व इसके उपनगरों भुंतर, बजौरा झीडी, मौहल से लेकर बस अड्डा तक जहां संभव होगा वहां सड़क के चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 8 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है और निविदाएं आमंत्रित कर ली गई हैं।
सुरेंद्र शौरी ने कहा कि पंचायत में 13 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल ज्ञान केंद्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्राय ग्रामीण इलाकों से युवाओं को शहर में पुस्तकालय जाने मैं कई प्रकार की दिक्कत रहती है। गांवों में पुस्तकालय खोलने से  युवाओं को  कुसंगति तथा नशे से दूर रहने में भी मदद मिलेगी। युवाओं के अलावा पुस्तकालय में सभी आयु वर्ग के लोगों को उनकी रूचि की पुस्तकें पढ़ने के लिए एक उपयुक्त मंच उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत भवन के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कुल्लू जिला में अटल ज्ञान केंद्रों की अवधारणा की पहल के लिए जिलाधीश आशुतोष गर्ग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला के लोगों के लिए यह गौरव की बात है की उपायुक्त को ज्ञान केंद्रों की अनुपम पहल के लिए हाल ही में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किया है।
उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मनाली के प्रीणी से अटल जयंती के मौके पर एक साथ जिला के 11 ज्ञान केंद्रों का शुभारंभ किया था और इन ज्ञान केंद्रों को अटल ज्ञान केंद्र का नाम दिया गया। उन्होंने कहा कि जिला में लगभग 26 अटल ज्ञान केंद्रों की स्थापना निकट भविष्य में पूरी हो जाएगी और चरणबद्ध तरीके से जिला की सभी 235 ग्राम पंचायतों में इस प्रकार के पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए सभी पंचायत प्रधानों को प्रेरित किया जा रहा है तथा धन की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि अटल ज्ञान केंद्रों में पुस्तकें विभिन्न माध्यमों से खरीदी व प्राप्त की जाएंगी। इसमें स्थानीय तौर पर लोगों का योगदान भी शामिल है।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि ग्राम पंचायतों में शानदार अटल ज्ञान केंद्रों की स्थापना की जा रही है और युवाओं को इन केंद्रों में आकर प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयारी करनी चाहिए।  सेवानिवृत्त आईएएस  पीसी बौद्ध,  पंचायत समिति सदस्य हेतराम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

News Archives

Latest News