DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
15 जनवरी। जिला सोलन में पंचायती राज चुनावों को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम सोलन डिपो की 99 बसों की ड्यूटियां पोलिंग पार्टी व पोलिंग सामग्री को गंतव्य तक पहुंचाने व वापस लाने के लिए लगाई गई हैं। यह बसें शुक्रवार को गंतव्य की ओर भेजी गई है। इससे चुनाव समाप्त होने तक प्रतिदिन करीब 50 रूट प्रभावित रहेंगे। इसके चलते अपने गंतव्य की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
बता दें कि तीन चरणों में 17, 19 व 21 जरवरी को होने वाले पंचायती राज चुनावों के लिए एचआरटीसी सोलन डिपो से 09 बसें कंडाघाट के लिए, 20 सोलन, 30 कुनिहार, 10 धर्मपुर व 20 बसें राजगढ़ के लिए भेजी गई है। इसके लिए एचआरटीसी ने पूरी समय सारिणी तैयार कर ली है। चुनावों के लिए पोलिंग पार्टियां 15 जनवरी को रवाना हो गई है। इसके लिए शुक्रवार 11 बजे एचआरटीसी की बसें तैनात हो गई थी। यह बसें पोलिंग पार्टियों को उनके गंतव्य तक छोड़ेंगी व इसके बाद फिर उन पार्टियों को दूसरे व तीसरे गंतव्य तक भी ले जाएंगी। इसके लिए एचआरटीसी की 99 बसें जाएंगी। इस दौरान कुछ बसें वापस भी आती रहेंगी व कुछ फिर से जाएंगी। इस तरह करीब 50 रूट चुनाव समाप्ति तक प्रतिदिन प्रभावित होंगे।
सोलन डिपो की बसों की तैनाती चुनावों में होने के चलते रूटों पर बसें कम ही नजर आएंगी व इसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का भी सामना करना पड़ेगा। सोलन के कई रूट ऐसे भी हैं जहां एकमात्र एचआरटीसी की ही बसें चलती हैं। उन रूटों पर लोगों को अधिक परेशानी उठानी पड़ सकती हैं।
परवाणू डिपो की नौ बसे चुनावी ड्यूटी में
हिमाचल पथ परिवहन निगम परवाणू डिपो की भी नौ बसें चुनावी ड्यूटी में लगाई गई है। इसको लेकर परवाणू डिपो के लगभग 05 रूट प्रभावित होंगे। इन बसों के चुनावी ड्यूटियों में होने से लगों को परेशानी न आए इस बात को ध्यान में रखते हुए अन्य बसों को इनकी जगह दौड़ाया जाएगा।
12 बसें नालागढ़ डिपो की
17 जनवरी को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों को छोड़ने के लिए परिवहन निगम ने 12 बसें लगाई हैं। ये बसें 17 जनवरी को होने वाले पंचायत चुनाव के मतदान केंद्रों तक पोलिंग पार्टियों को छोड़ेगी। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक जोगिंद्र सिंह ने बताया कि कोविड के चलते रूट बंद पड़े हैं। घरों पर अवकाश काट रहे चालकों को बुलाया गया है। वर्तमान में जो भी रूट चल रहे हैं किसी भी रूट को बंद नहीं किया गया है। पहले से बंद रूटों की बसों से पोलिंग पार्टियों को छोड़ा गया है।
क्या कहना है क्षेत्रीय प्रबन्धक एचआरटीसी का
क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी सोलन सुरेश कुमार धीमान एचआरटीसी सोलन डिपो की 99 बसों की तैनाती पंचायती राज चुनावों में की गई है। इससे चुनाव समाप्त होने तक प्रतिदिन करीब 50 रूट प्रभावित हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त रूटों पर भी लोगों को परेशानी न हो इसके लिए एच.आर.टी.सी. प्रयासरत है।















