जिला में किया गया एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत पौधारोपण

Himachal News Others Una
DNN ऊना
30 जुलाई। छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने आज डाईट देहलां में एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत द्रेक का पौधा लगाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अति आवश्यक है, जिसके लिए सभी समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना सुनिश्चित करना चाहिए। सत्ती ने कहा कि वन विभाग ने इस वर्ष 15 अगस्त तक लगभग डेढ़ लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है और यह अभियान बड़े स्तर पर जारी है। इस अभियान में सभी को बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। न सिर्फ पौधारोपण आवश्यक है, बल्कि पौधों का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन एक ग्लोबल चुनौती है। कहीं अत्याधिक बारिश होती है, कहीं बादल फटते हैं तो कहीं सूखा पड़ रहा है। मौसम में यह असंतुलन प्रकृति के साथ छेड़छाड़ का नतीजा है तथा मौसम का संतुलन बनाए रखने में पौधों की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए अनेकों प्रयास कर रही हैं, जो जन भागीदारी के बिना सफल नहीं हो सकते।
इस अवसर पर सतपाल सिंह सत्ती ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के एक वर्ष पूरा होने पर इस नीति से जुड़े आयामों पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रवक्ताओं एवं सभी शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि डिजिटल साथी फोन हमारा, बच्चों का सहारा कार्यक्रम के अंतर्गत स्मार्टफोन दान कर उन बच्चों की मदद करें जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है तथा वह ऑनलाइन शिक्षा से वंचित हैं। सत्ती ने कहा कि कोरोना संकट में वर्चुअल शिक्षा दी जा रही है तथा ऐसे में दान किया गया स्मार्टफोन किसी जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा में मदद कर सकता है। कार्यक्रम में जिप सदस्य अशोक धीमान, प्रधान संतोष कुमारी, उप प्रधान रुपिंदर दहल, पूर्व प्रधान देवेंद्र कौशल, अमरैल, पंचायत समिति सदस्यों के साथ-साथ वार्ड सदस्य, डाईट देहलां के प्रिंसिपल देवेंद्र चौहान सहित संस्थान का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।

News Archives

Latest News