जिला में अब तक 6431 पशुओं का किया गया निशुल्क कृत्रिम गर्भाधानः डॉ. सेन

Himachal News Others Una
DNN ऊना
21 अगस्त। राष्ट्रव्यापी कृत्रिम गर्भाधान (एनएआईपी) कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक जिला ऊना में 6431 पशुओं का निशुल्क कृत्रिम गर्भाधान किया गया है। यह जानकारी देते हुए उप-निदेशक पशु पालन विभाग डॉ. जय सिंह सेन ने कहा कि एनएआईपी कार्यक्रम एक अगस्त 2021 से शुरू किया गया है जो 31 जुलाई 2022 तक चलाया जाएगा। डॉ. सेन ने कहा कि कृत्रिम गर्भाधान (एनएआईपी) कार्यक्रम में सभी नस्ल की गाय एवं भैंस की प्रजातियों को कवर किया गया है, ताकि दुग्ध उत्पादन बढ़ाया जा सके और किसानों की आय में बढ़ौतरी की जा सके। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत पशु पालकों को अपने दुधारू पशुओं का निशुल्क कृत्रिम गर्भाधान करवाने की सुविधा प्रदान की गई है। इस अभियान के बारे में विभाग के माध्यम से पशु पालकों को पंचायत स्तर पर जागरूक किया जा रहा है, ताकि वह इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी किसान इस कार्यक्रम का लाभ उठाना चाहता है तो वह अपने निकटतम पशु चिकित्सा अधिकारी के साथ संपर्क कर सकता है।
उप-निदेशक डॉ. जय सिंह सेन ने कहा कि पोर्टल पर पशु से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी को ऑनलाइन किया जाता है। जिससे पशुओं में तृतीय कृत्रिम गर्भाधान करने पर गर्भवती ने होने पर पशु चिकित्सा अधिकारियों द्वारा उच्च उपचार किया जाता है। डॉ. सेन ने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रशिक्षित कृत्रिम वीर्यदानकर्ता उन्नत नस्ल के सांड के उच्च गुणवत्तायुक्त वीर्य से मादा पशु को गर्भित किया जाता है। कृत्रिम गर्भाधान करने हेतु वीर्यदानकर्ता को पशु पालन विभाग द्वारा मानदेय दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश में 607 जिलों में चलाया जा रहा है, जिसमें से ऊना जिला भी एक है।

News Archives

Latest News