DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि प्रदेशवासियों को उनके घरद्वार पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जल के बेहतर प्रबंधन के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने लोगों से भी जल संरक्षण के सरकार के प्रयासों में योगदान का आग्रह किया। सरवीन चौधरी आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रेई में मोटर से चलने वाले हैंडपम्प का उद्घाटन करने के उपरांत बोल रही थीं। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि कृषि गतिविधियों को और अधिक लाभप्रद बनाने के लिए प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर बल दिया जा रहा है। इस दौरान सरवीन चौधरी ने प्रेई में लोगों की समस्याओं को सुना तथा अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये।
सरवीन चौधरी ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास की बुलन्दियों पर ले जाना उनका ध्येय है। लोगों को सभी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाने एवं मौजूदा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के साथ ही नवीन परियोजनाओं को लागू करने पर जोर दिया गया है। क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की गति को और तीव्रता दी जाएगी। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में अनेकों विकास योजनाओं को कार्यान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार आम और गरीब आदमी के हितों तथा जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के विश्वास और भावनाओं को ध्यान में रखकर ही योजनाओं को क्रियान्वयन किया जाएगा, ताकि लोगों को अधिक से अधिक लाभ प्राप्त हो सकें।
इस दौरान शहरी विकास मंत्री ने लोगों को दशहरा पर्व की बधाई व शुभकामनाएं दी तथा भंडारे में शिरकत की। इसके उपरांत शहरी विकास मंत्री ने ब्रजेश्वरी माता मंदिर कांगड़ा में पूजा अर्चना की व मां का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर प्रधान सरोज देवी, उपप्रधान ओम प्रकाश, सुलोचना अवस्थी, महिला मंडल की प्रधान रजनी देवी, ग्राम सुधार के प्रधान मस्त राम, पंकज अवस्थी, प्रणव शर्मा, राजेश कुमार, विजय मेहरा, प्रीतम चौधरी के अलावा बड़ी संख्या में मातृ शक्ति तथा स्थानीय पंचायत के लोग उपस्थित रहे।















