DNN नाहन
12 अप्रैल। जिला मुख्यालय नाहन के हिंदू आश्रम में आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस सचिव अजय सोलंकी ने की। बैठक में अन्य कांग्रेसी नेता व काफी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर रणनीति तैयार की। वहीं प्रदेश कांग्रेस सचिव अजय सोलंकी ने जहां प्रदेश की जयराम सरकार पर जमकर निशाना साधा, तो वहीं नाहन के भाजपा विधायक डा. राजीव बिंदल पर भी तीखा जुबानी हमला किया।
मीडिया से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस सचिव अजय सोलंकी ने कहा कि आज की बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना रहा। उन्होंने कहा कि नाहन के विधायक डा. बिंदल यह बताए कि वर्तमान सरकार में ऐसा कौन सा बड़ा कार्य किया है, जिसका शिलान्यास भी उनकी सरकार में हुआ है और उद्घाटन भी।
प्रदेश सचिव अजय सोलंकी ने नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल पर निशाना साधते हुए कहा कि स्थानीय विधायक केवल और केवल पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यों का श्रेय लेकर यहां की जनता को गुमराह कर रहे हैं। आज हिमाचल की भाजपा सरकार ने भी विधायक बिंदल को दरकिनार किया है। यही वजह है कि आज विधायक अपनी जमीन तलाशते हुए घूम रहे है। पिछले चुनाव के वायदे पूरे नहीं किए और मनलुभावने वायदे विधायक कर रहे हैं। अजय सोलंकी ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट होकर चुनाव में उतरेगी और भाजपा सरकार इस चुनाव में 10 का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।
बाइट: अजय सोलंकी, प्रदेश कांग्रेस सचिव