DNN सोलन
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन विवेक चंदेल ने जनगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे 16 मई से 30 जून 2020 तक एवं तदोपरांत किए जाने वाले जनगणना कार्यों को नियमानुसार एवं शंकारहित होकर पूर्ण करें ताकि सही जनगणना आंकड़े प्रस्तुत किए जा सके।
विवेक चंदेल आज यहां वर्ष 2021 में होने वाले जनगणना कार्य के सुचारू कार्यान्वयन के दृष्टिगत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
विवेक चंदेल ने कहा कि जनगणना कार्य के लिए विशेष रूप से नवनियुक्त पटवारियों की सेवाएं ली जाएं।
इस दो दिवसीय कार्यशाला में जिला के उपमण्डलाधिकारियों, राजस्व अधिकारियों तथा शहरी निकायों के अधिकारियों ने भाग लिया।
विवेक चंदेल ने कहा कि जनगणना कार्य की सफलता अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण एवं निपुणता के साथ-साथ आमजन की सहभागिता पर भी निर्भर करती है। इसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण मनोयोग के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना 2021 के तहत आवासों को सूचीबद्ध करने का कार्य 16 मई से 30 जून 2020 तक किया जाएगा। जनसंख्या गणना का कार्य 09 फरवरी से 28 फरवरी 2021 तक आयोजित होगा। बर्फ से आच्छादित क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्य 11 सितम्बर से 30 सितम्बर 2020 तक आयोजित किया जाएगा।
अतिरिक्त जनगणना निदेशक प्रवीण कुमार ने जनगणना कार्य की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी सोलन रोहित राठौर, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डॉ. संजीव धीमान, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, जनगणना सलाहकार नरपत राम, सांख्यिकी अन्वेषक अखिलेख कुमार विभिन्न उपमंडलों के राजस्व अधिकारी एवं शहरी निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।