DNN सोलन
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि छात्रों को खेल तथा पढ़ाई के मध्य सांमजस्य स्थापित कर अपना भविष्य सुरक्षित करना होगा। डॉ. सैजल सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाबल जमरोट के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटी में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के लड़कों की आंचल स्तरीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस प्रतियोगिता में वॉलीबाल, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन तथा योग में 19 विद्यालयों के 200 छात्रों ने भाग लिया।
डॉ. सैजल ने कहा कि छात्रकाल हमारे भविष्य की नींव है। यदि हम इस काल में शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों के साथ-साथ खेलों को भी अपनाएं तो न केवल हमारा शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर होगा अपितु हम चुनौतियों से आसानी से निपटना भी सीख पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के लिए केन्द्र सरकार द्वारा 3267 करोड़ रुपए की परियोजना स्वीकृत की गई है। पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए केन्द्र सरकार द्वारा लगभग 1900 करोड़ रुपए की परियोजना स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं प्रदेश में पेयजल एवं सिंचाई के क्षेत्र के लिए लाभदायक सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि 1900 करोड़ रुपये की पर्यटन योजना जहां शिक्षित युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर दिलाएगी वहीं विभिन्न पर्यटन क्षेत्रों में सुविधा सृजन में भी सहायक सिद्ध होगी।
डॉ. सैजल ने कहा कि क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाबल जमरोट, हरिपुर, जाडली तथा पट्टा बरौरी में आने वाले समय में विकास की बयार बहेगी। उन्होंने कहा कि बारिश के उपरांत पट्टा बरौरी से हरिपुर तक संपर्क मार्ग को पक्का करने पर 1.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पावर हाउस से शिमला मार्ग तक संपर्क सड़क को पक्का करने पर 44 लाख रुपये खर्च होंगे। ग्राम पंचायत पट्टा बरौरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का कार्य 80 लाख रुपये की लागत से शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाठशाला में परीक्षा हॉल के निर्माण के लिए हाल ही में सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप ने 3 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। निर्माण के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।



















