DNN शिमला ब्यूरो
22 दिसंबर। प्रदेश में चुनाव आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनावों के लिए एसओपी जारी कर दी है। इसके तहत चुनाव कार्य में तैनात सभी कर्मियों को फेस मास्क लगाना अनिवार्य होगा। हर कर्मचारी को अपने मोबाइल फोन पर आरोग्य सेतु ऐप का उपयोग करना होगा। चुनाव के लिए चयनित प्रत्येक स्थल व मतदान केंद्र को सैनिटाइज करवाया जाएगा।
निर्वाचन के लिए प्रशिक्षण एवं मतदान दलों को प्रस्थान के समय, इस कार्य में नियुक्त प्रत्येक कर्मचारी के तापमान की जांच थर्मल स्कैनर से की जाएगी। प्रत्याशी नामांकन पत्र भरते समय केवल एक व्यक्ति के साथ ही चुनाव अधिकारी के पास जा सकेगा। कक्ष में केवल एक ही व्यक्ति जाएगा। बाकी प्रत्याशी उचित दूरी पर बाहर बैठेंगे। कोविड-19 से ग्रस्त व्यक्ति नामांकन भरना चाहता है तो प्रत्याशी खुद नामांकन लेकर रिटर्निंग अधिकारी के पास नहीं जाएगा। इसे उसकी ओर से प्रस्तावित या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से ही जमा किया जा सकेगा।
चुनाव के लिए जिला स्तर पर मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी या उनके द्वारा नामित स्वास्थ्य अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। खंड स्तर पर ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी को या उनकी ओर से नामित डॉक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। नोडल अधिकारी निर्वाचन के दौरान कोविड-19 से बचाव के लिए सभी आवश्यक उपाय किया जाना सुनिश्चित करेंगे। नोडल अधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर चुनाव में नियुक्त सभी अधिकारी/कर्मचारियों को उपलब्ध करवाए जाएंगे। कोरोना वायरस से बचाव के लिए समस्त प्रबंध संबंधित नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन व निर्देशन में किए जाएंगे।















