DNN कुल्लू
11 फरवरी। निदेशालय अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक मामले विभाग शिमला व हिमाचल प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिये पिछले चार दिनों से चलाया जा रहा जन जागरूकता अभियान आज नग्गर विकास खंड की चतानी पंचायत के गांव लारी व चनसारी पंचायत के गांव धार्ट में हुए कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया। आज हुए कार्यक्रमों में मन्नत कला मंच कुल्लू के कलाकार ने गीतों और नाटक के माध्यम से सरकार विशेषकर अनुसूचित जाति वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे विस्तार जानकारी दी ।आज हुए कार्यक्रमों में मंच के कलाकारों ने लोगों को नशे से दूर रहने व कोरोना महामारी से बचाव बारे भी जागरूक किया।
कार्यक्रमों संबंधित जानकारी देते हुए मन्नत कला मंच के संयोजक नवनीत भारद्वाज ने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को बताया कि बेटी है अनमोल योजना के तहत बीपीएल परिवार में जन्म लेने वाली कन्या की सहायता राशि बढ़ाकर 12000 रुपए की गई है मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत दी जाने वाली सहायता राशि को 40000 रूपए से बढ़ाकर 51000 रूपए किया गया है, हिमाचल गृहणि सुविधा योजना के तहत सरकार द्वारा हर घर में रसोई गैस पहुंचाया गया,अटल वर्दी योजना द्वारा स्मार्ट वर्दी के दो दो जोड़े व स्कूल बैग विद्यार्थियों को दिए जा रहे हैं, हिमकेयर योजना द्वारा पांच लाख रुपए तक का निशुल्क इलाज का प्रावधान किया गया, भवन निर्माण योजना के तहत गरीब परिवारों को मकान निर्माण हेतु दी जाने वाली राशि को एक लाख बीस हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख पचास हजार किया गया जैसी अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं से गांव वासियों को अवगत करवाया।
इस अवसर पर चतानी पंचायत के वार्ड पंच लारी दूनी चंद, रोगी से रुक्मणी, शिवा युवक मंडल के प्रधान व वार्ड पंच देहनीधार दूनी चंद,वीर महिला मंडल की प्रधान कला देवी के साथ साथ अन्य सदस्यों व बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।















