DNN अर्की
बहुउद्देशीय परियोजना एवं ऊर्जा, गैर परंपरागत ऊर्जा स्त्रोत मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार लोगों की समस्याओं को उनके घरद्वार पर शीघ्र एवं प्रभावी तरीके से निपटाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए आज से प्रदेश भर में जन मंच कार्यक्रम आरंभ किए गए हैं। अनिल शर्मा आज सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मटेरनी में आयोजित प्रथम जन मंच कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

अनिल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने बजट अभिभाषण में जन मंच कार्यक्रम आरंभ करने की घोषणा की थी। यह निर्णय पूर्ण सोच विचार एवं व्यवहारिक समस्याओं के सामने आने के उपरांत लिया गया। उन्होंने कहा कि अधिकांश कार्यक्रमों में विभिन्न मंत्रियों के समक्ष जनसमस्याएं प्रस्तुत की जाती हैं। कार्यक्रमों से विभागों तक समस्याएं पहुंचाने में समय लगता है। इससे समस्या निपटारे में विलंब होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए तथा आम जन के समय व पैसे की बचत सुनिश्चित बनाने के लिए जन मंच कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि सभी जन मंच कार्यक्रमों में प्रदेश मंत्रिमंडल के उनके सहयोगी उपस्थित हैं। जन मंच कार्यक्रम न केवल लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करेगा अपितु यह भी सुनिश्चित बनाया जाएगा कि जिन आवेदनों पर आज कार्रवाई नहीं हुई उन्हें समयबद्ध सीमा में निपटाया जाए।

















