ग्राम पंचायत नालका में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

10 जनवरी। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार ने कहा कि राज्य के प्रत्येक व्यक्ति की समस्याआंें का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। राम कुमार आज सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नालका के गांव घनेड़ में ‘सरकार आपके द्वार कार्यक्रम’ के तहत लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है ताकि लक्षित वर्ग समय पर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
राम कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षित युवाओं को स्वरोज़गार की दिशा में अग्रसर करने के लिए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोज़गार योजना आरम्भ की गई है। इस योजना के तहत युवाओं को ई-टैक्सी खरीद पर 50 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा सौर ऊर्जा के उपयोग के अंतर्गत योजना आरम्भ की गई है।
उन्होंने ग्राम पंचायत नालका में विभिन्न विकास कार्यों और आवश्यकताओं का जायज़ा लिया और इन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया।
मुख्य संसदीय सचिव ने ग्राम पंचायत नालका के लहेड़ गांव के लिए सम्पर्क मार्ग व पुली निर्माण के लिए एक लाख रुपए, नालका-ब्राहमणा सम्पर्क मार्ग तथा पुली निर्माण के लिए एक लाख रुपए, ग्राम खनई में मुख्य सड़क मार्ग से गुरबचन सिंह के घर तक पक्के रास्ते के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए, मुख्य सड़क से गांव बड़ोआ तक एम्बुलैंस मार्ग निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए तथा सड़क से गांव लेहरू तक एम्बुलैंस मार्ग के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने गांव नालका हरिजन बस्ती वाया टाडू मार्ग को बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कठनार-जोगियां गांव के लिए नया मार्ग तथा पुली निर्माण के लिए विधायक निधि से 1.50 लाख रुपए, घनेड़ गांव में गुरू रविदास मंदिर निर्माण आदि कार्य के लिए अपनी ओर से 15 हजार रुपए देने की घोषणा की।
राम कुमार ने गांव रीली-मंझली में टाईल कार्य के लिए एक लाख रुपए विधायक निधि से देने की घोषणा की।
मुख्य संसदीय सचिव ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत नालका में 06 लाख रुपए की लागत रीली से गटिवाला वाया टाडू तक निर्मित तथा 02 लाख रुपए की लागत से गांव खनेई से धारदिष्ट तक नवनिर्मित संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया।
राम कुमार ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
खण्ड कांग्रेस समिति दून के उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप (टीनू), ग्राम पंचायत नालका के प्रधान प्रेमचंद, उप-प्रधान मस्तराम, पूर्व प्रधान दिलाराम, वार्ड सदस्य पूजा देवी, हरिराम, हरिचंद, रामलोक, पूर्व वार्ड सदस्य चेतराम, समाजसेवी गिरधारी, कैलाश, दुर्गा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।

News Archives

Latest News