DNN कसौली
जिला के कसौली क्षेत्र में एक व्यक्ति गैस एजेंसी में आनलाइन बुकिंग करवाने के चक्कर में ठगी का शिकार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रमाडा होटल के प्रोजेक्ट सुपरवाइजर जगदीश प्रसाद ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि इसने गैस बुक करवाने के लिए विपुल गैस एजेंसी सोलन की वेबसाइट पर संपर्क किया और फोन नंबर पर बात कर रहा था। बात करने वाले ने इससे रजिस्टे्रशन के 50 रुपए देने को कहा और लेन-देन सफल नहीं हुआ तो इसने अपना दूसरा बैंक खाता और यूपीएआई नंबर दे दिया। इसके बाद इसके बैंक खाते हैक हो गए और इसके बैंक खातों से करीब 76 हजार रुपए निकला लिए गए। बाद में पुलिस के पास शिकायत पहुंची, तो पुलिस ने जांच में पाया कि वेबसाइट पर दिए गए नंबर गैस ऐजेंसी के थे ही नहीं। किसी व्यक्ति ने फर्जी वेबसाइट बनाकर यह पूरी ठगी कर डाली। एएसपी शिव कुमार शर्मा ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। दूसरी ओर विपुल गैस एजेंसी के मालिक विपुल गोयल ने कहा कि उनकी एजेंसी की कोई वेबसाइट नहीं है और इस मामले में वह शिकायत पुलिस को भी दे चुके है।















