DNN धर्मशाला
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने आज पालमपुर के समीप लोहना पंचायत में सैनफोर्ड प्ले स्कूल का शुभारंभ करते हुये कहा कि सरकारी स्कूलों में ढांचागत संरचना उपलब्ध करवाने पर सरकार द्वारा विशेष बल दिया जा रहा है। स्कूलों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा विद्याार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस वर्ष मे शिक्षा क्षेत्र के सरकार ने 7044 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।
परमार ने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद कर रही है। सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि उचित मार्गदर्शन के अभाव में अथवा आर्थिक तंगी के कारण किसी भी विद्यार्थी की तैयारी प्रभावित न हो। उन्होंनेे कहा कि स्कूलों में बच्चों को अटल वर्दी योजना के तहत प्रति वर्ष दो वर्दियां देने के साथ ही इस वर्ष से पहली, छठी तथा 9वीं कक्षा के विद्याार्थियों को एक स्कूल बैग भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए अनेक योजनाएं आरंभ की हैं। बच्चों के लिए मुख्यमंत्री आदर्श विद्या केन्द्र, अखंड शिक्षा ज्योति, मेरे स्कूल से निकले मोती, युवा विज्ञान पुरस्कार योजना इत्यादि नवीन योजनाएं आरंभ की गई हैं। इस अवसर पर स्कूल की निदेशक सुरभि सोनी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और स्कूल में विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर पालमपुर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, मण्डलाध्यक्ष संजीव सोनी, ग्राम पंचायत लोहना की प्रधान अंजना सोनी, अतिरिक्त महाधिवक्ता हिमांशु मिश्रा, तनु भारती, शहीद कैप्टन विक्रम बतरा के पिता जीएल बतरा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल, एसडीएम पालमपुर पंकज शर्मा सहित गणमान्य उपस्थित थे।















