DNN झज्जर
19 नवम्बर: झज्जर के मुबारिकपुर गांव से गुरुवार शाम को बिना बताए घर से निकले युवक का शव उसके ही खेत में शीशम के पेड़ पर लटका मिला है। खेतों में शनिवार सुबह घूमने के लिए गए लोगों ने जब शव फंदे पर लटका देखा तो मामले की जानकारी गांव के लोगों व परिजनों को दी। सूचना मिलते ही गांव के मौजिज लोग व परिजन मौके पर पहुंचे। उसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही माछरौली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौका मुआयना करने करने के बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मुबारिकपुर निवासी नवीन कुमार (27) पुत्र महताब सिंह गुरुवार शाम करीब चार बजे परिजनों को बिना कुछ बताए घर से चला गया था। उसके बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार सुबह परिजनों को पता चला कि नवीन का शव उनके खेत में फंदे पर लटक रहा है। सूचना मिलते ही वे खेत में पहुंच गए थे।
परिजनों ने बताया कि नवीन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी अभी तक शादी नहीं हुई थी। वह खेतीबाड़ी का काम करता था। उसकी एक बहन है जो शादीशुदा है। माता-पिता भी गांव में खेतीबाड़ी करते हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।















