DNN मंडी
15 अप्रैल । मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिला मण्डी के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पद्धर में आयोजित राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने पुलिस और गृह रक्षा के जवानों की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली और तिरंगे का अनावरण किया।
सोलन
उद्योग, परिवहन तथा श्रम एवं रोज़गार मन्त्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को देश का सर्वश्रेष्ठ औद्योगिक हब बनाने के लिए कृतसंकल्प है और धर्मशाला में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट इस दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हो रही है। बिक्रम सिंह आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
परिवहन मन्त्री ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस एवं गृह रक्षा द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक मुनीष कुमार ने परेड का नेतृत्व किया।
उन्होंने कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की और से शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की।
उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के प्रथम मुख्यमन्त्री स्वर्गीय डाॅ. वाई.एस. परमार को को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
चंबा
विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ हंसराज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को एक अलग राज्य का दर्जा दिलवाने में चंबा जिला के लोगों की भी अहम भागीदारी रही है। समूचे चंबा जिला ने भी पूरी हामी भरी थी कि हिमाचल प्रदेश देश का अलग पूर्ण राज्य होना चाहिए। विधानसभा उपाध्यक्ष ने यह बात आज 74वें हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर चुराह उपमण्डल के मुख्यालय भंजराड़ू में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए अपने संबोधन के दौरान कही। विधानसभा उपाध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश के निर्माता डॉ यशवंत सिंह परमार को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संघर्ष के बाद हिमाचल प्रदेश को एक अलग राज्य का स्वरूप प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्यत्व के बाद की इस यात्रा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार ने भी अपने इस कार्यकाल के दौरान कई नए मील के पत्थर स्थापित करके प्रदेश को एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीर योद्धाओं का की धरती भी है। हिमाचल की कोख ने कई परम वीरों को जन्म दिया है जिसका हम सब को गर्व है।
















