DNN कुल्लू
05 मई। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में हिमाचल सरकार ने तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की है। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने अस्पताल में डाक्टरों की नियुक्ति के लिये मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से चिकित्सकों की तैनाती के संबंध में मुलाकात की और जरूरी तौर पर कुछ विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने गोविंद ठाकुर के आग्रह को स्वीकार करते हुए तुरंत जिला अस्पताल के लिये तीन डाक्टरों के आदेश जारी कर दिये।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य उपचार सुविधाएं प्रदान करने के लिये कृतसंकल्प है। लोगों को उनके घर द्वार के समीप उपचार सुविधाएं मुहैया हो इसके लिये पिछले सवा चार सालों के दौरान दर्जनों अस्पतालों को अपग्रेड किया गया है और बहुत से स्वास्थ्य केन्द्र नये खोले गए हैं।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में नियुक्त नये डाक्टरों में डॉ. तेंजिन छोमो तेंगा एमडी प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. नेहा वर्मा एमडी मेडिसिन तथा डॉ. परवीण कुमार एमडी रेडियो डायग्नोसिस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में अब विशेषज्ञ सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होंगी और लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल कुल्लू ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में पिछले सवा चार सालों में बेहतर प्रदर्शन किया है। कोविड-19 के संकट में अस्पताल में मरीजों के लिये अव्वल दर्जे की उपचार सेवाएं प्रदान करके एक मिसाल स्थापित की। इसके लिये उन्होंने चिकित्सकों को भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में घुटने व हिप्प ट्रांसप्लांट जैसी बड़ी सर्जरी अनेक मामलों में की गई। इस प्रकार की सर्जरी बड़े व चुनिंदा अस्पतालों में ही हो पाती है।
नग्गर में छायाचित्र प्रदर्शनी 16 मई से
‘बी क्लोज टू नेचर’ थीम पर तीन दिन तक चलेगी राजेन्द्र राजन की प्रदर्शनी
कुल्लू, 05 मई। कुल्लू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नग्गर स्थित रौरिक आर्ट गैलरी में हिन्दी के जाने माने लेखक एवं साहित्यकार राजेन्द्र राजन के छायाचित्रों की प्रदर्शनी आगामी 16 मई को आरंभ होगी। यह प्रदर्शनी तीन दिनों तक चलेगी।
राजेन्द्र राजन ने प्रदर्शनी के संबंध में जानकारी सांझा करते हुए कहा कि इसमें पर्वतीय राज्य हिमाचल तथा अन्य प्रांतो के नैसर्गिक सौंदर्य को बखूबी प्रदर्शित किया गया है। इससे पूर्व इस प्रकार की छायाचित्र प्रदर्शनियां वह धर्मशाला तथा शिमला में भी लगा चुके हैं जहां लोगों का रिस्पांस बेहद संतोषजनक रहा है।
उन्होंने कहा कि फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन 16 मई को राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा अंबिका सूद करेंगी जबकि रौरिक ट्रस्ट के आजीवन ट्रस्टी अशोक ठाकुुर 18 मई को समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे। 15 से अधिक पुस्तकों के रचयिता राजेन्द्र राजन ने नाइकोन कैमरे से हजारों छायात्रिव खींचे हैं। उन्होंने पर्वतीय खूबसूरती को जगजाहिर करने का एक सफल प्रयास किया है। उनके पास फोटोग्राफस का एक समृद्ध कलेक्शन उपलब्ध है। वह वर्ष 1993 से 1994 तक कुल्लू जिला के डीपीआरओ रहे चुके हैं। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से 2011 में संयुक्त निदेशक के पद से सेवानिवृत हुए हैं।
राजेन्द्र राजन ने पहाड़ों की खूबसूरती के अनूठे ढंग से वर्णन को निहारने के लिये आम लोगों से रौरिक आर्ट गैलरी का भ्रमण करने अपील की है।














