DNN चंबा
4 अप्रैल जिला प्रशासन के सौजन्य से आज कांगड़ा भूकंप त्रासदी पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा में एनडीआरएफ की टीम के सहयोग के साथ भूकंप पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।इस दौरान एसडीएम चंबा नवीन तंवर, पुलिस उप अधीक्षक अभिमन्यु विशेष रूप से मौजूद रहे।
पुलिस उप अधीक्षक अभिमन्यु ने प्रातः 10:50 बजे ट्रिगर दबाकर आपदा बारे सूचना दी कि महाविद्यालय चंबा में भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 रही । भवन में तीन व्यक्ति फंसे हुए हैं दर्शाया गया। इसके उपरान्त त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी हितधारक विभागों द्वारा टीमों ने स्टेजिंग एरिया में एसडीएम चंबा नवीन तंवर की अगुवाई में राहत एवंं बचाव कार्य से संबंधित प्रक्रिया का संचालन किया ।
स्टेजिंग एरिया महाविद्यालय के परिसर से एनडीआरएफ , होमगार्ड ,पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम बनाई गई और उन्हें घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजा गया। तीन फंसे हुए व्यक्तियों को रेस्क्यू किया गया। तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टेजिगं एरिया पर अस्थाई तौर पर अस्पताल भी संचालित किया गया जिसमें घायलों को दाखिल कर प्राथमिक उपचार किया गया ।
एसडीएम नवीन तंवर ने बताया कि 4 अप्रैल 1905 के विनाशकारी भूकंप की त्रासदी पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया है जिससे महाविद्यालय के विद्यार्थियों को इस तरह की आपदा से निपटने के लिए जानकारी दी और राहत एवं बचाव कार्य को सुगम तरीके से करने के तरीके भी बताए ।
इस दौरान एनडीआरएफ टीम ने राहत एवं बचाव के लिए उपयोग होने वाले उपकरणों की विस्तृत जानकारी मौजूद विद्यार्थियों को दी। उन्हें भूकंप जैसी आपदा से निपटने के लिए महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में भी अवगत करवाया गया।
पुलिस उप अधीक्षक अभिमन्यु ने भी विद्यार्थियों को आपदा से निपटने और सर्च एंड रेस्क्यू में अपनी सहभागिता बनाने के लिए भी प्रेरित किया।
इस दौरान छात्रों को जागरूक करने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इससे पूर्व भूकंप त्रासदी पर मुख्यालय में प्रभात फेरी का भी आयोजन किया गया।
इस दौरान डिप्टी कमांडेंट एनडीआरएफ रजनीश शर्मा, प्रधानाचार्य राजकीय महाविद्यालय चंबा डॉ शिवदयाल, नायब तहसीलदार संदीप कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।















