DNN धर्मशाला
उपायुक्त राकेश प्रजापति ने बताया कि कांगड़ा जिला में बुधवार को कोरोना का एक सेंपल पॉजिटिव पाया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना के पॉजिटिव नागरिक को राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा के आईसोलेशन वार्ड में लाने के निर्देश दिए गए हैं तथा उसके गृह पंचायत सहित आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से सील किया जाएगा तथा संबंधित नागरिक के संपर्क में आए व्यक्तियों की पहचान भी की जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों की आवाजाही पर पूर्णतयः अंकुश लगाया जा चुका है सीमांत क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाई गई है और लोगों से घरों में ही रहने की हिदायतें दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों से घरों में सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोका जा सके।
बाहर से आने वाले व्यक्तियों के बारे में सूचना दें
उपायुक्त राकेश प्रजापित ने कहा कि विदेशों या बाहरी क्षेत्रों तथा तब्लीगी जमात से लौटे व्यक्तियों के बारे में टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दें तथा पंचायत प्रधानों पंचायत सचिवों को पहले ही निर्देश दिए गए हैं कि अपने अपने क्षेत्रों में बाहर से आने वाले व्यक्तियों के बारे में सूचित करें अन्यथा कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि जानकारी छिपाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।















