DNN सोलन
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि जिले के सहायक निर्वाचन अधिकारी और चुनाव प्रबंधों से जुड़े अन्य अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अलावा चुनावी प्रक्रिया के वैधानिक प्रावधानों का भी खासतौर से पूरा ख्याल रखें ताकि भारत निर्वाचन आयोग के इस संबंध में जारी किए गए सभी निर्देशों के मुताबिक लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह बात आज उपायुक्त कार्यालय के परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में सहायक निर्वाचन अधिकारियों, विभिन्न नोडल अधिकारियों और मास्टर ट्रेनरों के लिए आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी बूथ लेवल अधिकारी पोलिंग पार्टियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था करेंगे और यह व्यवस्था आदर्श आचार संहिता के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने ये निर्देश भी दिए की सभी बूथ लेवल अधिकारी पोलिंग पार्टियों के मतदान केंद्र में पहुंचने की तुरंत सूचना संबंधित सहायक निर्वाचन अधिकारियों को देंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पोलिंग स्टाफ को छोटे बैच पर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल करने के लिए कहा गया है । इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रशिक्षण, स्वीप गतिविधियों, दिव्यांगों और कर्मचारी कल्याण के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों द्वारा अपने दायित्वों को समय रहते बखूबी अंजाम देना भी सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए सुलभ निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय समिति का भी गठन किया जा चुका है। यह कमेटी जिले में यह सुनिश्चित बनाएगी कि दिव्यांगों को मतदान के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें ताकि सभी दिव्यांग मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सक्रिय हिस्सा बन सकें ।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए एनएसएस और नेहरू युवा केंद्र के वालंटियरों के अलावा एनसीसी कैडेटों को भी तैनात किया जाएगा। सभी सहायक निर्वाचन अधिकारी इसको लेकर भी अपनी कार्य योजना समय रहते तैयार कर लें। कार्यशाला में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल के अलावा सोलन जिला के सभी सहायक निर्वाचन अधिकारी, अन्य नोडल अधिकारी और विधानसभा क्षेत्रवार मास्टर ट्रेनर भी मौजूद रहे।















