DNN बददी (चड्ढा)
औद्योगिक क्षेत्र बददी में फूड लाइसेंस पर ही नकली दवा बनाने वाली कंपनी का पर्दाफाश हुआ है। राज्य नियंत्रण कार्यालय की टीम ने कार्रवाई करते हुए कंपनी को सील कर दिया है। राज्य दावा नियंत्रण कार्यालय की टीम ने छापामारी की तो इसका खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार बद्दी के साईं मार्ग पर एक कंपनी द्वारा फूड लाइसेंस पर ही दवाओं का उत्पादन शुरू कर दिया था। इस मामले की भनक लगते ही ड्रग कंट्रोलर कार्यालय की टीम ने दबिश दी और वहां रंगे हाथ दवाओं का उत्पादन करते हुए कुछ लोगों को पाया गया। जानकारी के मुताबिक नकली दवाओं का यह कारोबार करने वाले दो भाई बताए जा रहे हैं। यह दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल दवा नियंत्रण कार्यालय की टीम ने कंपनी को सील कर दिया है और जल्द ही इस कंपनी से बनने वाली प्रत्येक दवा की बारीकी से जांच की जाएगी। मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर ने बताया कि बद्दी में एक फूड प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी में गैर कानूनी तरीके से अंग्रेजी दवा बनाने का कार्य चल रहा था। कंपनी के पास दवा बनाने का कोई लाइसेंस है। फिलहाल छानबीन की जा रही है।















