DNN परवाणू
06 सितम्बर। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में लगातार कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे है। बीते कुछ दिनों की बात की जाए तो परवाणू में लगातार कोरोना वायरस की चेन में मामले जुड़े है। शनिवार को भी इस कोरोना चेन में परवाणू से 08 मामलों की पुष्टि हुई है। परवाणू में लगातार बढ़ रही इस चेन को देखते हुए प्रशासन द्वारा परवाणू में भी 50 बेडेड कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। अब परवाणू से कोरोना वायरस के मरीजों को सोलन नहीं भेजा जाएगा, बल्कि परवाणू के इस कोविड-19 सेंटर में ही इलाज किया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले परवाणू में सामने आ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों को सोलन भेजा जा रहा था। पिछले कुछ दिनों से शहर में लगातार कोराना वायरस के मामले सामने आ रहे थे। उसे प्रशासन ने परवाणू के सेक्टर-4 स्थित आईएचएसडीपी के मकानों में कोविड-19 सेंटर तैयार किया। कोविड केयर सेंटर का मुआयना सहायक आयुक्त परवाणू भी कर चुके है। यहां पर कर्मचारियों की तैनाती पर भी प्लान बना दिया है और करीब सात दिनों के बाद कर्मचारियों को बदल कर उनके स्थान पर दूसरे कर्मचारियों की तैनाती की जाऐगी। सहायक आयुक्त परवाणू विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि कोविड-19 सेंटर को तैयार किया है। वहां का निरीक्षण भी किया गया। सेंटर में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। सीएमओ सोलन राजन उप्पल का कहना है कि परवाणू में 50 बेडेड कोविड केयर को बनाया गया है। जिला में अब आठ कोविड केयर सेंटर बनाए गए है। इनमे नौणी, परवाणू, कालू झंडा, इंडोर स्टेडियम नालागढ़, लेबर हॉस्टल, दाड़लाघाट, सेरी, बखालग अर्की में बनाया गया है।















