DNN नाहन
12 अगस्त। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के एक उद्योग में बुधवार सुबह जोरधार धमाका हो गया। धमाके से एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया है, जिसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। कालाअंब पुलिस थाना के एसएचओ योगेंद्र सिंह ने मामले की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के जोहड़ों स्थित एसएनएस स्टील इंडस्ट्री के 2 हजार किलोग्राम एलपीजी स्टोरेज में अचानक लीकेज से जोरदार धमाका हुआ। इस दौरान यहां पहुंचा एक व्यक्ति इसकी चपेट में आ गया। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया कि आग से झुलसा व्यक्ति उद्योग का कर्मचारी है या फिर सिलेंडर को रिफील करने पहुंचा कर्मचारी था। 
2 हजार किलोग्राम एलपीजी स्टोरेज में अचानक लीकेज से हुआ धमाका
बहरहाल आग लगने की सूचना मिलते ही स्टेशन फायर आफिसर नाहन पीएस सैन के साथ कालाअंब फायर पोस्ट के प्रभारी रामकुमार व फायरमैन जोगेंद्र सिंह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे, जहां 20 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि अभी भी स्टोरेज से गैस लीक हो रही है। इस लीकेज को रोकने के लिए इंडियन आयल कंपनी के एक्सपर्ट बुलाए गए हैं। इस अग्निकांड में तकरीबन 10 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है। इस धमाके के बाद उद्योग की कंप्रेशर यूनिट, पावर यूनिट, मेटलिंग यूनिट व डाई यूनिट को भी चपेट में ले लिया। इस कंपनी के भीतर एल्युमिनियम के एंगल, रैलिंग व अन्य सामान का उत्पादन किया जाता है।

फिलहाल स्थिति कंट्रोल में, फिर लीकेज न हो, इसके लिए बुलाए गए एक्सपर्ट
वहीं मौके पर पहंुचे स्टेशन फायर अधिकारी पीएस सैन ने बताया कि आग से 10 लाख का नुकसान हुआ है। एलपीजी स्टोरेज से लीकेज का खतरा फिर भी बना हुआ है। मोटी जानकारी के अनुसार स्टोरेज से बाहर निकली एलपीजी में ही ब्लास्ट हुआ है। हो सकता है कि कर्मचारी ने कोई स्विच आन कर दिया, जिससे यह ब्लास्ट हुआ। फिलहाल अभी स्थित कंट्रोल में है। फिर से लीकेज न हो, इसके लिए एक्सपर्ट बुलाए गए हैं।
















