इन समस्याओं लेकर मंत्री के पास पहुंचे लोग

Kangra Politics

DNN धर्मशाला
शहरी विकास मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की समस्याओं के त्वरित निदान को लेकर बहुत गम्भीर है और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की दूरगामी सोच के चलते ही सरकार ने एक सकारात्मक पहल करके जनमंच कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच के माध्यम से जनता और शासन के मध्य सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया है ताकि लोगों की समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचें। साथ ही सरकार जनता के घरद्वार पर उनकी दिक्कतों का समाधान सुनिश्चित कर सके। ये उद्गार शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री श्रीमती सरवीन चौधरी ने आज विश्राम गृह शाहपुर में लोगों की समस्याएं सुनते हुए प्रकट किये।
उन्होंने कहा कि शाहपुर के हरनेरा गांव के लिए 1.32 करोड़ की पेयजल योजना का कार्य प्रगति पर है, उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को काम में और तेजी लाने को कहा। उन्होंने बताया कि शाहपुर पंचायत के लिए टयूबबेल से पेयजल योजना की डीपीआर नाबार्ड को स्वीकृति हेतु भेजी गई है इससे पंचायत के 4000 लोग लाभान्वित होंगे।
सरवीन चौधरी ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास की बुलन्दियों पर ले जाना उनका ध्येय है। लोगों को सभी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाने एवं मौजूदा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के साथ ही नवीन परियोजनाओं को लागू करने पर जोर दिया गया है। क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की गति को और तीव्रता दी जाएगी।


इस मौके शाहपुर विधानसभा के विभिन्न स्थानों से आये लोगों ने अपनी समस्याएं शहरी विकास मंत्री के सम्मुख रखीं। सरवीन चौधरी ने अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान कर दिया जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान करेरी के राजकुमार, अशोक, चतर सिंह, कर्म सिंह ने सड़क और पुल संबंधी समस्या, लाल सिंह ने गांव डोहब की हरिजन बस्ती में व चड़ी निवासी अश्वनी कुमार ने बिजली से सम्बंधित समस्या को मंत्री के सामने रखा। शहरी मंत्री ने त्वरित करवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता को समस्याओं के निपटारे के लिए समुचित कारवाई के निर्देश दिए।
शहरी विकास मंत्री ने बसनूर की साई बाबा कमेटी के तरसेम व प्रकाश सहित अन्य लोगों द्वारा रखी हैंडपम्प में बिजली की मोटर लगाने की मांग पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शीघ्रातिशीघ्र मोटर लगाने को कहा।
इस अवसर पर दीपक अवस्थी, तिलक शर्मा, राजेश, प्रीतम चौधरी, बक्शी चौधरी, सुनीत कुमार, सुनील धीमान, अधिशासी अभियंता विद्युत रुमेल सिंह, अधिशासी अभियन्ता सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य राजीव महाजन, एसडीओ लोक निर्माण विभाग सुशील धीमान के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

News Archives