Dnewsnetwork
सोलन, 28 अक्टूबर : सेंट ल्यूक्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोलन में पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम 2026-27 के अंतर्गत एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। एकीकृत मिशन लाइफ परियोजनाओं पर आधारित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दैनिक जीवन में टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला के दौरान वर्मी कंपोस्टिंग, सीड बॉल तैयार करने, पक्षियों के लिए घोंसले लगाने, सौर ऊर्जा के उपयोग, पर्यावरण अनुकूल हस्तशिल्प बनाने तथा मोटे अनाज (मिलेट्स) पर आधारित खाद्य पदार्थों को अपनाने जैसे विभिन्न विषयों पर गतिविधियां करवाई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी गई।
इस कार्यशाला में 20 से अधिक शिक्षकों और 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया। संसाधन व्यक्तियों के रूप में आशीष पाल्याल, वंदना लखनपाल, गीता, हेमा और राधिका ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने चीड़ की पत्तियों (पाइन नीडल्स), जूट और पुराने व बेकार कपड़ों का उपयोग करके उपयोगी एवं आकर्षक हस्तशिल्प तैयार करने का प्रदर्शन किया। इस दौरान अपशिष्ट सामग्री के पुनः उपयोग और पर्यावरण अनुकूल उत्पाद बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला के समापन पर प्रशिक्षण के दौरान तैयार की गई हस्तशिल्प वस्तुओं की एक लघु प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया, जिससे रचनात्मकता के साथ-साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रबंधक फादर पी. सहायाराज, प्रधानाचार्या सिस्टर स्टेला, इको-क्लब प्रभारी मोनिका शर्मा और कपिल गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।














