-डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
Dnewsnetwork
शिमला। जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चिट्टा/हेरोइन बरामदगी के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना पश्चिम में दर्ज इस मामले में शोघी चौकी के नजदीक बस की तलाशी के दौरान करीब 36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। मामले में पुलिस अब नशे की आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की जांच में जुटी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को शोघी चौकी के नजदीक नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली गई थी। इस दौरान बस के ऊपर रैक में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग से करीब 36 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। मौके पर बैग का मालिक नहीं मिलने के कारण पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अभियोग संख्या 217/2026 के तहत धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। जांच में तीन व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अविनाश कपूर (31), विशाल ठाकुर (26) और खुशवंत सिंह (31), तीनों निवासी रामपुर, जिला शिमला, को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अविनाश कपूर को 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था, जबकि विशाल ठाकुर और खुशवंत सिंह को 19 अक्टूबर को पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने रामपुर से गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है, ताकि मादक पदार्थों की आपूर्ति के नेटवर्क और इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाया जा सके। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













