विधानसभा मानसून सत्र को लेकर शिमला में 750 पुलिस कर्मी तैनात, सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था भी चाक-चौबंद

Crime Shimla

Dnewsnetwork

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए शिमला पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सत्र के दौरान करीब 750 पुलिस कर्मियों एवं अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से तीन मुख्य सेक्टरों तथा विभिन्न उप-सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक उप-सेक्टर की जिम्मेदारी एक राजपत्रित पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर बहुस्तरीय चेकिंग और निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को दक्षिणी रेंज की पुलिस उपमहानिरीक्षक अंजुम आरा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला  गौरव सिंह ने विस्तृत ब्रीफिंग दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी, जिम्मेदारियों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शहर के प्रवेश मार्गों पर कड़ी निगरानी
विधानसभा सत्र के मद्देनजर शिमला शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। शोघी, मेहली, मशोबरा-ढली बाईपास और तवी मोड़ सहित विभिन्न प्रवेश मार्गों पर चेकिंग की जा रही है। पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
इसके अलावा रात्रिकालीन चेकिंग एवं गश्त को भी प्रभावी बनाया गया है। शहर के विभिन्न होटलों, सरायों और अन्य ठहरने वाले स्थानों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस का खुफिया एवं आसूचना तंत्र भी सक्रिय है और संभावित सुरक्षा चुनौतियों से संबंधित सूचनाओं का लगातार संकलन एवं विश्लेषण किया जा रहा है।
यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान
विधानसभा सत्र के दौरान शिमला शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
यातायात के दबाव और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यकतानुसार यातायात को नियंत्रित अथवा डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस का प्रयास है कि विधानसभा सत्र के दौरान शहर में यातायात सुचारू बना रहे और आम लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
शिमला पुलिस ने कहा है कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। पुलिस शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में सत्र के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है और आम जनता की सुविधा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

Latest News