Dnewsnetwork
शिमला, 18 मई। पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के बीच भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नालागढ़-पंजेहरा मंडल से जिला परिषद चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने तथा पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर और किसान मोर्चा जिला प्रवक्ता अमित राणा के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनाव के लिए गठित अनुशासन समिति को दोनों नेताओं के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी। समिति ने मामले पर गंभीरता से विचार-विमर्श करने के बाद इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की।
इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने तत्काल प्रभाव से किसान मोर्चा जिला महामंत्री ज्ञान ठाकुर एवं जिला प्रवक्ता अमित राणा को उनके दायित्वों से मुक्त करते हुए पार्टी से छह वर्षों के लिए निलंबित कर दिया है।
यह आदेश भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर द्वारा जारी किया गया है।















