Dnewsnetwork
दून के विधायक राम कुमार चौधरी आज पट्टा में प्रदेश सरकार की योजना ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ के तहत बी.पी.एल. परिवारों के चयन एवं पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि विकास खण्ड पट्टा के अंतर्गत वर्तमान में 1751 परिवार पूर्व से ही बी.पी.एल. सूची में शामिल हैं। ऐसे सभी परिवार जो निर्धारित मापदंडों के अनुसार बी.पी.एल. सूची में शामिल होने की पात्रता रखते हैं, उन्हें आवेदन करने के लिए 20 सितंबर, 2026 तक अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।
उन्होंने दून विधानसभा क्षेत्र के विकास खण्ड पट्टा एवं नालागढ़ के अंतर्गत आने वाले सभी पात्र परिवारों से आग्रह किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर बी.पी.एल. सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए आवेदन करें ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
विधायक ने कहा कि निर्धारित पात्रता मापदंडों के अंतर्गत ऐसे परिवार, जिनकी वार्षिक आय 75 हजार रुपए तक है, गंभीर बीमारी से जूझ रहे परिवार, ऐसे परिवार जिनमें 27 से 59 वर्ष की आयु के मध्य कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है, 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र रखने वाले पात्र व्यक्ति या परिवार तथा निर्धारित पात्रता के अनुसार मनरेगा जॉब कार्ड धारक परिवार बीपीएल सूची में शामिल किए जाने के लिए पात्र हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पात्रता के संबंध में अंतिम निर्णय निर्धारित सरकारी मापदंडों एवं संबंधित विभाग द्वारा किए गए सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में पात्र परिवारों को बी.पी.एल. सूची में आवेदन करने के लिए जागरूक करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र परिवार निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन प्रस्तुत करें।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि बी.पी.एल. सूची में शामिल परिवारों को हिमाचल प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बी.पी.एल. परिवारों के हित में 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली तथा पात्र परिवारों को 1500 रुपए प्रतिमाह तक की आर्थिक सहायता सहित बी.पी.एल. से जुड़ी विभिन्न योजनाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
विधायक ने दून विधानसभा क्षेत्र के सभी पात्र लोगों से आग्रह किया कि 20 सितंबर, 2026 से पहले अपने संबंधित उपमंडलाधिकारी, पंचायत सचिव अथवा खंड विकास अधिकारी के माध्यम से बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए अपना आवेदन प्रस्तुत करें।
बैठक में खंड विकास अधिकारी पट्टा कुलदीप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विकास खण्ड पट्टा के अंतर्गत आने वाली 26 पंचायतों के प्रधान, उप प्रधान, वार्ड पंच, पूर्व प्रधान एवं उप प्रधान उपस्थित थे।













