Dnewsnetwork
पांवटा साहिब, सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र में एक पुलिस जवान के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिरमौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) योगेश रोल्टा ने की है।
जानकारी के अनुसार, 6वीं आईआरबी अंधाला कुमां में तैनात एक पुलिस जवान वर्तमान में तारुवाला स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। बताया जा रहा है कि दोपहर का भोजन करने के बाद वह अपने घर से वापस ड्यूटी पर लौट रहा था। इसी दौरान गौंदपुर के समीप उसने एक कार चालक को मोबाइल फोन पर बात करते हुए तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते देखा।
पुलिस जवान ने जब चालक को सावधानी बरतने और वाहन रोकने का संकेत दिया, तो चालक भड़क गया। आरोप है कि चालक, जिसकी पहचान फरमान के रूप में हुई है, ने पुलिस जवान की स्कूटी रोक ली और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में आरोपी को पुलिस जवान का बैग छीनते और उसके साथ हाथापाई करते हुए देखा जा सकता है। घटना के समय मौके पर कई अन्य लोग भी मौजूद थे।
एएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो की जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि पीड़ित व्यक्ति हिमाचल प्रदेश पुलिस का जवान है। इसके बाद उन्होंने तुरंत 6वीं आईआरबी के कमांडिंग अधिकारी से संपर्क किया और मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित जवान ने पांवटा साहिब थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर आरोपी फरमान के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सरकारी कर्मचारी के साथ ड्यूटी के दौरान दुर्व्यवहार या मारपीट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।














