Dnewsnetwork
सोलन। सोलन शहरी कांग्रेस की पहली बैठक सोमवार को शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सोलन विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी अनीता वर्मा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आगामी दिनों में संगठन की गतिविधियों को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को जनता के साथ सीधे जोड़ने को लेकर रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करता है। इसी उद्देश्य से कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने तथा आम लोगों की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता के हित में किए जा रहे कार्यों और लागू की जा रही योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए एक रोडमैप तैयार किया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता आने वाले समय में वार्ड स्तर पर लोगों के बीच जाकर सरकार की नीतियों की जानकारी देंगे।
पानी की समस्या को लेकर नगर निगम पर निशाना
पुनीत शर्मा ने सोलन शहर में लगातार गहराती जा रही पेयजल समस्या को लेकर नगर निगम पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शहर में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है और लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जल शक्ति विभाग द्वारा नगर निगम को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है, लेकिन नगर निगम उस पानी का उचित एवं समान वितरण करने में विफल साबित हो रही है। इसके चलते शहर के कई क्षेत्रों के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर शहरवासियों को परेशान होना पड़ रहा है, जो चिंता का विषय है। नगर निगम को अपनी वितरण व्यवस्था को दुरुस्त कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उपलब्ध पानी शहर के सभी क्षेत्रों में समान रूप से पहुंचे।
शहरी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस शहर के लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी और संगठन को मजबूत करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से संबंधित मंचों पर उठाया जाएगा।













