निचला भुड़ में विधायक राम कुमार चौधरी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

Baddi + Doon Politics

सड़क-पुलियों की मरम्मत, जल निकासी और सिंचाई व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश; सामुदायिक भवन के लिए 2 लाख रुपये की घोषणा

Dnewsnetwork
बीबीएन। दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने  ग्राम पंचायत मलपुर के गांव निचला भुड़ का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके साथ जनसंवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पुलियों, पानी की निकासी, सिंचाई सहित विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष समस्याओं को संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र हल करवाने का आश्वासन दिया।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसानों, ग्रामीणों और आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक ने गांव में सड़क के आवश्यक पैचवर्क तथा पुलियों की मरम्मत शीघ्र करवाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही पानी की उचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने की बात कही। उन्होंने गांव के सामुदायिक भवन की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्यों के लिए 2 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की।
कृषि व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राम कुमार चौधरी ने गांव में सिंचाई टैंक का निर्माण करवाने तथा सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों को पानी उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ होने से क्षेत्र के किसानों को खेती में सुविधा मिलेगी और कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने ग्रामीणों को लोदी माजरा में निर्माणाधीन बीज कलेक्शन सेंटर की जानकारी देते हुए कहा कि इसके शुरू होने के बाद क्षेत्र के किसानों को बीज संबंधी सुविधाएं नजदीक ही उपलब्ध होंगी। किसानों को बीज लेने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे उनके समय और आने-जाने के खर्च की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और लोगों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत मलपुर के पूर्व प्रधान पोला राम, ग्राम पंचायत गुल्लरवाला के पूर्व उप प्रधान हेम राज, पूर्व प्रधान हितेंद्र सोनू, वार्ड पंच मेघराज सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Latest News