नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर बद्दी पुलिस का बड़ा प्रहार

Baddi + Doon Crime

करीब 1.97 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज, जमीन-भवन, वाहन और बैंक खातों पर कार्रवाई

Dnewsnetwork

बद्दी। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाते हुए बद्दी पुलिस ने अब नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में थाना बद्दी में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित करीब 1.97 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना बद्दी में दर्ज एफआईआर संख्या 265/2025 में आरोपी राहुल गुप्ता पुत्र संतोष शाह, निवासी जिला सारण, बिहार, वर्तमान निवासी बद्दी के कब्जे से 10.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों से संबंधित वित्तीय जांच भी की।
वित्तीय जांच के आधार पर लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, वार्ड नंबर-7, बद्दी में स्थित 6 बिस्वा भूमि और तीन मंजिला भवन, जिसकी कीमत करीब 1,71,64,271 रुपये आंकी गई है, के साथ Scorpio-N वाहन (24,69,725 रुपये) तथा विभिन्न बैंक खातों में जमा 1,42,251 रुपये को फ्रीज किया गया है। इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत करीब 1.97 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की माता रिंकू देवी की भी पूर्व में नशे के कारोबार में संलिप्तता सामने आ चुकी है। वर्ष 2022 में बद्दी पुलिस ने उसके कब्जे से 824 ग्राम गांजा और अवैध देशी शराब बरामद की थी। इस संबंध में थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट और हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई केवल मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी। नशा तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच तथा कानून के अनुसार उन्हें फ्रीज या जब्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Latest News