गीता आदर्श विद्यालय में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यार्थियों को किया जागरूक, मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

Others Solan

Dnewsnetwork

सोलन। पीएनएनएम गीता आदर्श विद्यालय में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सीजीएम दिव्या ज्योति पटियाल ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग तथा गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्होंने बच्चों को ऑनलाइन खतरों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की असहज स्थिति में उचित कदम उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन उत्पीड़न, यौन शोषण और पोर्नोग्राफी जैसे अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. स्नेह शर्मा ने कार्यक्रम के लिए मुख्य अतिथि सीजीएम दिव्या ज्योति पटियाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा

करवा चौथ के उपलक्ष्य में विद्यालय में कक्षा सातवीं से ग्यारहवीं तक की छात्राओं के लिए अंतरसदन मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 40 छात्राओं ने भाग लिया और आकर्षक मेहंदी डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में सीधिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गरिमा द्वितीय स्थान पर रहीं। मन्नत और पलक ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, नव्या, भूमिका, शिवांशी और जिया ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला तथा विद्यालय में करवा चौथ के उत्सव का माहौल भी देखने को मिला।

Latest News