ऑपरेशन गनडाउन के लिए पुलिस को मिला Final Silver SKOCH Award

Baddi + Doon Crime

Dnewsnetwork

सोलन जिला की बददी पुलिस को आपरेशन मनडाउन के लिए फाइनल सिल्वर स्कोच अवार्ड से सम्मानित किया गया है। एसपी बददी विनोद धीमान ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में बढ़ते गन कल्चर और सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ धमकी भरे पोस्टों से आम जनता व उद्योग जगत में भय का वातावरण बन गया था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए बद्दी पुलिस ने वर्ष 2025 में ऑपरेशन गनडाउन शुरू किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि  अभियान के दौरान पुलिस की तकनीकी टीमों ने एक हजार से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की गतिविधियों पर पैनी नज़र रखी। सितंबर 2025 में पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए 13 अभियोग दर्ज किए, 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया तथा उनके अवैध हथियार जब्त किए। कुछ आरोपी अन्य राज्यों में भाग गए थे, जिन्हें भी तकनीकी निगरानी के आधार पर गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पुलिस ने बददी में अवैध खनन के खिलाफ पूरे प्रदेश में सर्वाधिक मामले दर्ज करने व अन्य आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही की और महिलाओं को अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता प्रोजेक्ट चलाया। इस प्रोजेक्ट को भी स्कोच आडर आफ मेरिट एवार्ड से सम्मानित किया गया।

स्कोच अवार्ड देश का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार चार महीने की मूल्यांकन प्रक्रिया, विशेषज्ञों की गहन जांच, हितधारकों की प्रतिक्रिया और अंतिम जूरी विचार-विमर्श के बाद प्रदान किया जाता है।
ऑपरेशन गनडाउन अभी भी जारी है और हाल ही में नालागढ़, मानपुरा, बरोटीवाला आदि क्षेत्रों में अवैध हथियार धारकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई है। भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। यह उपलब्धि न केवल बद्दी पुलिस बल्कि संपूर्ण हिमाचल प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का विषय है, जो कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

News Archives

Latest News