Dnewsnetwork
सोलन ज़िला के नालागढ़ तथा बद्दी उपमण्डल में पशु मित्र के पदों पर भर्ती के लिए स्टेज 1 शारीरिक परीक्षा 22 व 23 अप्रैल, 2026 को राजकीय डिग्री कॉलेज मैदान नालागढ़ में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेन्द्र आहलूवालिया ने दी।
नरेन्द्र आहलूवालिया ने कहा कि 22 अप्रैल, 2026 को यह शारीरिक परीक्षा पुरुष वर्ग के लिए तथा 23 अप्रैल, 2026 को यह शारीरिक परीक्षा महिला वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शारीरिक परीक्षा प्रातः 09.00 बजे से राजकीय डिग्री कॉलेज मैदान नालागढ़ में आयोजित होगी।
उन्होंने कहा कि पुरुष वर्ग के लिए प्रथम चरण शारीरिक परीक्षा में 30 मिनट में 05 हजार मीटर की दौड़ तथा महिला वर्ग के लिए 10 मिनट में 1500 मीटर की दौड़ निर्धारित की गई है।
उपमण्डलाधिकारी ने कहा कि उम्मीदवार को परीक्षा स्थल पर निर्धारित समय से 30 मिनट पूर्व पहुंचना होगा। उम्मीदवार को पत्र के साथ सत्यापन के लिए पहचान पत्र अथवा आधार कार्ड लाना होगा। उन्होंने कहा कि शारीरिक परीक्षा सरकार द्वारा निर्धारित नीति के अनुरूप होगी, शारीरिक परीक्षण की अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी की जाएगी। निर्धारित समय पर परीक्षा स्थल पर न पहुंचने वाले उम्मीदवार को कोई आगामी अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए उम्मीदवार को कोई यात्रा-भत्ता देय नहीं होगा।















