Kangra News आने वाले पांच साल में कांगड़ा की तस्वीर बदलेगीः मुख्यमंत्री

Himachal News Kangra Others Politics

DNN कांगड़ा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के अपने शीतकालीन प्रवास के दौरान कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में 88.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चार प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कांगड़ा की ग्राम पंचायत बीरता, घुरकड़ी, ललेहड़, मटौर, नटेहड़ आदि क्षेत्रों के लिए 60.12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सीवरेज स्कीम तथा 12.59 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले देहरा अरला, गवला अंद्राड़, तरसूह, ललेहड़, बीरता, जोगीपुर, सेवकरा, नटेहड़ सड़क के सुधारीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
इसके अलावा उन्हांेने 10 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के 33/11 के.वी. विद्युत उपकेंद्र दौलतपुर तथा 5.16 करोड़ रुपये की लागत से इच्छी, मटौर, नंदेहड़, कोटकवाला, जमानाबाद, अब्दुल्लापुर, मिहालू, जोगीबला, सहौड़ा और गगल गांवों के लिए उठाऊ पेयजल योजना के संवर्धन कार्य की आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री ने कागंड़ा में जल शक्ति विभाग का डिवीजन खोलने की घोषणा की

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के मटौर में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कांगड़ा में जल शक्ति विभाग का डिवीजन खोलने की घोषणा की है। उन्होंने मटौर कॉलेज में नए कोर्स शुरू करने के साथ क्षेत्र में पानी और बिजली की योजनाओं को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में जल्द ही राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने जलोड़ी खड्ड पर नया पुल बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘कांगड़ा मेरे लिए नया नहीं है। कांगड़ा ने कांग्रेस का साथ दिया लेकिन चुनने के बाद वह पार्टी बदलते रहे। आप निश्चित रहें, मैं एक रात आपके किसी गाँव में बिताऊंगा।“ उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में कांगड़ा जिला की तस्वीर बदलने वाली है जिसका अर्थ है कि गांव के लोगों के हाथ में पैसा पहुंचेगा। प्रदेश के लोगों को अच्छा पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे अथक प्रयासों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर लौटी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 80 प्रतिशत से अधिक आबादी ग्रामीण क्षेत्र में रहती है, इसलिए राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है। दूध के खरीद मूल्य में 15 रुपए की बढ़ौतरी की। पहली बार गोबर आधारित खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। पहली बार प्राकृतिक खेती से उत्पन्न 4000 मीट्रिक टन मक्की 30 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा गया और अगले सीजन से गेहूं को 40 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मनरेगा की दिहाड़ी में 60 रुपए में ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर 240 से बढ़ाकर 300 रुपए किया है। इन सभी प्रयासों से गांव के लोगों के हाथ में पैसा आएगा। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा के ढगवार में डेढ़ लाख लीटर क्षमता का मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जा रहा है, जिससे तीन लाख किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा, ‘‘गुड गवर्नेंस के लिए गुड गवर्नमेंट का होना जरूरी है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार की नीतियों के कारण सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या घटी है, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप शिक्षा के क्षेत्र में सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठे आरोप लगा कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमने कुछ भी बंद नहीं किया, बल्कि जनता को धोखा नहीं देना चाहते, इसलिए व्यवस्था में बेहतरी का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की एसीआर के मानदंडों में भी बदलाव किया जा रहा है और अध्यापकों के प्रदर्शन के अनुरूप उनकी एसीआर लिखी जाएगी। यही प्रक्रिया सभी विभागों में अपनाई जा रही है, ताकि गुणवत्ता में सुधार किया जा सके। सरकारी शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वह भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सुधार किया जा रहा है। दिल्ली एम्स में मिलने वाली अत्याधुनिक मशीनें हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में जल्द ही उपलब्ध होंगी। टांडा, आईजीएमसी तथा नेरचौक मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक मशीनें खरीदने के लिए राज्य सरकार ने 100 करोड़ रुपए स्वीकृत किये हैं। इसके अलावा पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए यूवी फिल्टर तकनीक का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री सुक्खू ने कहा, ‘‘राज्य सरकार के फैसलों से प्रदेश के संसाधनों की लूट करने वालों को दिक्कत हो रही है लेकिन मैं आम आदमी के लिए हर चुनौती का सामना करने को तैयार हूं।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के फैसलों में आम जनता का साथ भी जरूरी है। सब्सिडी का युक्तिकरण किया जा रहा है और संपन्न लोगों को सब्सिडी छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व भाजपा सरकार की नीतियों के कारण धनवान और धनवान हुआ तथा गरीब और गरीब हुआ, जिसके लिए सुधार किया जा रहा है।’’

मुख्यमंत्री ने बच्चों संग क्रिकेट खेलकर उनका मनोबल बढ़ाया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू आज धर्मशाला से मनाली जाते हुए खराब मौसम के कारण कुछ समय के लिए मण्डी जिले के जोगिन्द्रनगर के डोहग हेलीपैड पर रूके तथा वहां बच्चों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका मनोबल बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में खेलों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है क्योंकि खेल न केवल हमंे शारीरिक तौर पर स्वस्थ रखते हैं बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
इसके बाद, मुख्यमंत्री मण्डी के कंगनीधार हेलीपैड से सड़क मार्ग से मनाली के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं अधिवक्ता जीवन ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, एसडीएम जोगिन्द्रनगर मनीष चौधरी, वरिष्ठ अधिकारी तथा कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्त्ता भी उपस्थित थे।

News Archives

Latest News