CM जय राम ने नीदरलैंड में किया से काम

Himachal News

DNN शिमला

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नीदरलैंड के एमस्टरडैम के डैम स्क्वायर में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित 5वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2019 का शुभारम्भ करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग ऐसी विधा है, जिसको निरन्तर अपनाने से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर निरंतर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। एमस्टरडैम नगर के प्रमुख एवं सुविख्यात केंद्र डैम स्क्वायर में आयोजित इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। नीदरलैंड में अन्तराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित किया जाने वाला यह सबसे बड़ा कार्यक्रम था। यह आयोजन भारतीय दूतावास एवं योग में गहरी रूचि रखने वाले व्यक्तियों के सहयोग से आयोजित किया गया। इस आयोजन के दौरान योग प्रदर्शन ध्यान सत्र, संगीत, नृत्य एवं शाकाहारी भोजन पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर शहर के मध्य स्थित प्रमुख स्थल डैम स्क्वायर स्थित रॉयल पैलेस के सामने लगभग 3000 व्यक्ति एकत्रित हुए।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। यह पहला मौका था, जब भारत से सम्बन्धित कोई आयोजन डैम स्क्वायर में आयोजित किया गया। डैम स्क्वायर एमस्टरडैम का ऐतिहासिक स्थल है, जहां न्यो-क्लासिकल रॉयल पैलेस, पन्द्रहवीं शताब्दी का नाईयूवी कर्क नया (गिरिजाघर), द मैडम तूसाद एमस्टरडैम और द्वितीय विश्व युद्ध में मारे गए लोगों की याद में 1956 में बना राष्ट्रीय स्मारक स्थित हैं। इस आयोजन को आयोजित करने की अनुमति एमस्टरडैम शहर द्वारा भारतीय उच्चायोग के निवेदन पर दी गई थीं। रॉयल डच सेना के प्रतिनिधि भी पहली बार इस आयोजन में शामिल हुए। इस वर्ष के अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस में विशेष तौर पर ‘मेड इन इंडिया’ के माध्यम से भारतीय हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इन उत्पादों को भारत के पांच राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कारीगरों द्वारा पूरे दिन प्रदर्शित किया गया।
‘योग हट’ में सूर्य नमस्कार और योग मुद्रा अभ्यास से सम्बन्धित प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त विशेष उपचारात्मक योग सत्रों का भी आयोजन किया गया। महर्षि आयुर्वेद केन्द्र द्वारा इस अवसर पर एक विशेष स्टाल लगाया गया, जिसमें स्वस्थ जीवन के लिए योग परामर्श प्रदान की गई। इस अवसर पर विशेष फूड ट्रक्स ने आयोजन में आए लोगों को शाकाहारी भोजन व आईसक्रीम उपलब्ध करवाई।
नीदरलैंड में भारत के राजदूत वेणु राजामोनी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी सुरेश रैणा, डच अभिनेता मॉडल एवं फोटोग्राफर मिकी हूगेनडिजक, एलटी फूड्स के अध्यक्ष एवं प्रबन्धक निदेशक वी.के. अरोड़ा, इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. दीपक मित्तल भी कार्यक्रम के उद्घाटन में शामिल हुए।
उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य सचिवं डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार, निदेशक उद्योग हंस राज शर्मा, विशेष सचिव आबिद हुसैन सादिक, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह, सीआईआई हिमाचल के प्रतिनिधित्व और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

News Archives

Latest News