Solan शमलेच टनल के पास दर्दनाक सड़क हादसा, चार वर्षीय बच्चे की मौत, चार घायल

Crime Others Solan

-नेशनल हाईवे-5 पर सॉलिट्यूड रिसॉर्ट के नजदीक खड़ी पिकअप से टकराई कार, सदर थाना सोलन में मामला दर्ज

Dnewsnetwork

सोलन। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर शमलेच टनल के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। सॉलिट्यूड रिसॉर्ट के नजदीक एक कार सड़क किनारे खड़ी पिकअप से पीछे से टकरा गई। इस हादसे में साढ़े चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में चालक की पत्नी, उसकी 12 वर्षीय बेटी तथा उनके परिचित की एक महिला और छह वर्षीय बच्चा शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन लाया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा 18 अक्टूबर 2026 को दिन में करीब 11:50 बजे शमलेच टनल के पास सॉलिट्यूड रिसॉर्ट के नजदीक हुआ। कार नंबर HP64D2221 को 44 वर्षीय हेमंत चंदेल निवासी रबौण, एसईआरटी के नजदीक, डाकघर सपरून, तहसील एवं जिला सोलन चला रहा था। बताया गया है कि कार चालक अपनी गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क पर खड़ी पिकअप से पीछे की ओर टकरा गई।

इस दुर्घटना में चालक हेमंत चंदेल की पत्नी बबीता (39), बेटी लविषा (12), उनकी परिचित हीना (30), पत्नी हेमंत सिंह, निवासी गांव बेली, डाकघर लोहारो, तहसील रामशहर, जिला सोलन तथा हीना का छह वर्षीय बेटा शिवांश घायल हो गए। हादसे में हेमंत चंदेल के साढ़े चार वर्षीय बेटे रुद्रांश की मौत हो गई। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना में जिस छात्र की मृत्यु हुई है वह सोलन के सेंट लूक्स स्कूल में शिक्षा ग्रहण करता था और उसके पिता भी वहीं पर कार्यरत हैँ।

हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और हादसे की परिस्थितियों की तस्दीक की।

पुलिस ने इस संबंध में थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 233/2026, दिनांक 18 अक्टूबर 2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(a) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों और अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

Latest News