नौणी विश्वविद्यालय में उद्योग-अकादमिक संवाद कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों के लिए करियर के अवसरों पर जोर

Others Solan

Dnewsnetwork

नौणी: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी द्वारा औद्यानिकी एवं वानिकी के विद्यार्थियों के लिए इंडस्ट्री-अकादमिया कन्वर्जेंस मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा उद्योग-अकादमिक सहभागिता को मजबूत करना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को करियर के अवसरों, उभरती प्रौद्योगिकियों, उद्यमिता, इंटर्नशिप तथा उद्योग की अपेक्षाओं से अवगत करवाया गया। इसमें औद्यानिकी एवं वानिकी के चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों, संकाय तथा विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

पहले तकनीकी सत्र में पर्यन एलायंसेज के मार्केट एवं टेक्नोलॉजी लीड अमन ठाकुर ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए कृषि-इनपुट उद्योग के रुझानों, संतुलित पौध पोषण, नई तकनीकों, उद्योग की अपेक्षाओं, करियर के अवसरों तथा उद्यमिता से संबंधित विषयों पर जानकारी साझा की। दूसरे सत्र में सवाना सीड्स के जोनल सेल्स मैनेजर सनी सिद्धू ने बीज प्रौद्योगिकी, गुणवत्तापूर्ण बीज प्रणाली, उभरते रुझानों, किस्म विकास, बीज व्यवसाय, करियर के अवसरों तथा स्टार्टअप की संभावनाओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर ‘फ्रॉम क्लासरूम टू करियर एंड एंटरप्राइज’ विषय पर एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, उद्योग की अपेक्षाओं, इंटर्नशिप तथा अन्य जिज्ञासाओं के संबंध में संसाधन व्यक्तियों एवं शिक्षकों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिला। समापन सत्र में भविष्य के अवसरों पर चर्चा के साथ विद्यार्थियों के सीवी एकत्र किए गए तथा प्री-रिक्रूटमेंट मूल्यांकन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को भाग लेने वाले उद्योग प्रतिनिधियों के समक्ष अपने प्रोफाइल प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट एवं इंडस्ट्री कोऑर्डिनेशन सेल (PICC) द्वारा उद्योग के साथ संबंधों को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को उद्योग में अवसरों से परिचित करवाने के निरंतर प्रयासों के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रश्मि चौधरी, डॉ. प्रमोद वर्मा, डॉ. प्रेम प्रकाश, डॉ. अभिमन्यु तथा डॉ. प्रतिमा वैद्य ने किया।

इंडस्ट्री-अकादमिया कन्वर्जेंस मीट ने अकादमिक जगत और उद्योग के बीच सार्थक संवाद के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान किया। इससे विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए उद्योग सहभागिता, इंटर्नशिप, करियर के अवसरों तथा पेशेवर अनुभव को और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Latest News