बद्दी पुलिस का कड़ा रुख: शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, 31 चालान, 27 चालक गिरफ्तार

Baddi + Doon Crime

Dnewsnetwork
बद्दी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस जिला बद्दी में शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के मार्गदर्शन में गत रात्रि पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन नाकाबंदी एवं वाहनों की चेकिंग की।
अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 31 चालान किए गए। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था और कानून के तहत कार्रवाई के मद्देनजर 27 चालकों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इसके अलावा संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के लिए संबंधित कार्यालय को संस्तुति भी भेजी है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे की हालत में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना और सड़क पर अन्य वाहन चालकों तथा राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस गंभीर है और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Latest News